फतुहा : नदी थाना क्षेत्र के समसपुर से फतुहा थानाध्यक्ष मनीष कुमार और नदी थानाध्यक्ष सक्रेंद्र कुमार बिंद ने फतुहा नदी थाना कांड संख्या 252/19 के अप्राथमिकी अभियुक्त समसपुर निवासी मुकेश पासवान और उसके साथी गौरव कुमार झा उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है.
इसकी जानकारी एएसपी मनीष कुमार सिन्हा ने फतुहा थाने में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों को दी. इनके पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, दो कारतूस, तीन मोबाइल फोन के साथ -साथ दो माह पूर्व नदी थानाध्यक्ष क्षेत्र के मौजीपुर में बिजली विभाग के गोदाम से हुई लूट में गायब हुए कंप्यूटर का सीपीयू भी मुकेश के घर से बरामद हुआ है.
उन्होंने बताया कि गार्ड को हथियार के बल पर बंधक बनाकर बिजली गोदाम से लाखों के बिजली तार और उपकरण लूटने वाले मामले में गार्ड को मुकेश पासवान ने ही हथियार के बल पर बंधक बनाया था, जो फरार चल रहा था. मौके पर फतुहा थानाध्यक्ष मनीष कुमार, शहजहांपुर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार,नदी थानाध्यक्ष सक्रेंद्र कुमार बिंद आदि मौजूद थे.
फतुहा. एएसपी मनीष कुमार सिन्हा के मुताबिक मुकेश पासवान सुपारी किलर है, जो रुपये लेकर किसी की भी हत्या कर दिया करता था. उसको स्थानीय राजनीतिक दल के साथ -साथ कुछ पीडीएस दुकानदार का भी संरक्षण प्राप्त था. इसकी जांच की जा रही है.
किशोरी से दुष्कर्म मामले का आरोपित गिरफ्तार
फतुहा. फतुहा-दनियावां सड़क के फतुहा रेलवे पुल के नीचे झाड़ी में मंगलवार की रात शेखपुरा की एक किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म का फतुहा एएसपी मनीष कुमार सिन्हा ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया और आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है. एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के उत्तरथु गांव निवासी सोनू ठठेरा है. वह फिलहाल फतुहा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में किराये के मकान में रह रहा था.
उसने दुष्कर्म करने की बात कबूली है और बताया कि पीड़िता और उसकी बहन को सोनू काम दिलाने को लेकर फतुहा लेकर आया था. उसकी जान -पहचान ट्रेन में ही हुई थी. एएसपी ने बताया की पाॅक्सो एक्ट के तहत फतुहा थाना कांड संख्या- 20/20 दर्ज कराया गया है. आरोपित का स्पीडी ट्रायल कराया जायेगा.
