पटना : नये साल के मौके पर पटना के विभिन्न चौक-चौराहों पर पोस्टर लगा है. इसमें राजद के 15 साल और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 15 साल के शासन की तुलना की गयी है.
पोस्टर के माध्यम से जदयू ने राजद से उसके 15 वर्षों के शासनकाल के काम का हिसाब मांगा है. इस पोस्टर के आधे हिस्से में राजद के समय के बिहार को दिखाया गया है. इसमें बताया गया है कि उस समय सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे थे और उनमें पानी भरा रहता था. हथियारों से लैस लोग खून-खराबा कर रहे थे. बिजली नहीं थी, लोग लालटेन की रोशनी में रहने को मजबूर थे.
वहीं, पोस्टर के दूसरे हिस्से में जदयू के शासनकाल को दिखाया गया है. इसमें दिखाया गया है कि पक्की सड़क व फ्लाइओवर बने हैं, जिन पर गाड़ियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं. बच्चियां साइकिल से स्कूल जा रही हैं और बिजली की कोई कमी नहीं है. बिजली के बल्ब की रोशनी के आगे लालटेन की जरूरत नहीं रह गयी है.
