पटना : खराब मौसम व घने धुंध के कारण बुधवार को पटना एयरपोर्ट से परिचालित होने वाली एक फ्लाइट ग्राउंडेड हो गयी जबकि तीन को रद्द करना पड़ा. इंडिगो एयरलाइंस की लखनऊ से पटना होते हुए कोलकाता जाने वाली फ्लाइट 6E634 बुधवार को दोपहर 9.45 में पटना आयी.
उसे 30 मिनट बाद पटना से कोलकाता जाना था, लेकिन विमान के इंजन में आयी तकनीकी खराबी के कारण ट्रांजिट इंसपेक्शन में वह उड़ने लायक नहीं पायी गयी और उसे ग्राउंडेड कर विमान की बोर्डिंग रोक दी गयी.
पटना से कोलकाता जाने के लिए लंबे समय से विमान का इंतजार कर रहे यात्रियों को जब उसके ग्राउंडेड होने की जानकारी मिली, तो लगभग दो घंटे तक विमान यात्रियों ने जमकर हंगामा किया, बाद में सीआइएसएफ व एयरलाइंस के स्टाफ ने उन्हें समझा बुझा कर शांत कराया.
शाम सात बजे उड़ा ग्राउंडेड विमान, तीन अन्य फ्लाइटें भी रहीं रद्द
इंडिगो एयरलाइंस की पटना से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 6E191 भी बुधवार को खराब मौसम के कारण रद्द रही. गो एयर की दोपहर 12.30 में दिल्ली से पटना आने वाली फ्लाइट G8131 और दोपहर 1 बजे पटना से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट G8229 भी रद्द रही.
हलांकि हवाई यात्रियों को इनकी सूचना पहले दे दिये जाने से ज्यादातर यात्री एयरपोर्ट नहीं आये और हंगामा नहीं हुआ. खराब मौसम और धुंध के कारण बुधवार को पटना एयरपोर्ट से 11 विमान देर से उड़े. इनमें छह विमान एक घंटा से अधिक देर से जबकि 5 विमान एक घंटे से कम देरी से उड़े.
