ग्राहक बनकर आये थे चार बदमाश
दानापुर : बीती रात थाना क्षेत्र के बस पड़ाव के समीप एक होटल में ग्राहक बन आये चार बदमाशों ने पिस्तौल का भय दिखा करीब 22 हजार नकद व सोने की चेन, मोबाइल व बाइक लेकर भाग गये. इस संबंध में दुकानदार विनोद कुमार ने स्थानीय थाने में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. थाना क्षेत्र के सगुना मैनपुरा निवासी विनोद कुमार बस पड़ाव पर न्यू प्रभात होटल चलाते हैं.
बताया जाता है कि देर रात चार युवक आये और दो-दो रसगुल्ला मांगा. सभी ने रसगुल्ला खाया. इसी बीच एक ने दुकानदार पर पिस्तौल तान दी और दुकानदार से पैसा निकालने को कहा. वहीं गोली मारने की धमकी दी. दुकानदार विनोद ने बताया कि इसी दौरान दूसरे बदमाश ने पिस्तौल के बल पर गल्ले से बिक्री के करीब 42 सौ रुपये व मेरे पॉकेट से 18 हजार रुपये छीन लिये. बदमाशों ने गले से सोने की चेन, घड़ी व बाइक की चाबी छीन ली. बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए लूटपाट कर बाइक लेकर भाग निकले. प्रभारी थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है.
