मनेर : जल-जीवन व हरियाली के तहत मनेर अंचल कार्यालय द्वारा मेहदावा स्थित तालाब की जमीन पर बने दर्जनों महादलितों के मकानों को तोड़ने के निर्णय से लोगों में आक्रोश है.
तालाब की जमीन से मकानों को हटाने की नोटिस मिलने के बाद बुधवार को मेहदावा के प्रभावित महादलित परिवारों ने लोजपा नेता कामेश्वर यादव की अध्यक्षता में बैठक कर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारी तीन डिसमिल जमीन और मकान बनाने की मांग करते रहे.
प्रभावित लोगों मे शामिल शांति देवी, सुरेश राम, सुधीर राम, बबीता देवी आदि ने बताया कि हम लोग महादलित जाति से आते हैं. पिछली कई पीढ़ियों से हम सभी यहां रह रहे हैं. इधर सरकार हम सभी को अतिक्रमण के नाम पर बेघर करना चाहती है. हम सभी अपनी जान दे देंगे, पर अपनी जमीन नहीं देंगे. मौके पर कई लोग मौजूद थे.
