पटना : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के यूजीसी नेट दिसंबर, 2019 परीक्षा की शुरुआत सोमवार से हो गयी. यह परीक्षा 6 दिसंबर तक चलेगी. सोमवार को शहर के विभिन्न सेंटरों पर ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन किया गया. कई सेंटरों पर बेल्ट, टोपी व कलम तक बाहर रखवाये गये.
फर्स्ट शिफ्ट में 19, तो सेकेंड शिफ्ट में सात विषयों की परीक्षा हुई. फर्स्ट शिफ्ट की परीक्षा देकर निकले छात्रों ने बताया कि रिसर्च पर आधारित प्रश्न ही पूछे गये. सिलेबस बदलाव के बाद इस बार परीक्षा पैटर्न में पूरी तरह से बदलाव दिखा. पहले शिफ्ट का पेपर सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक हुआ.
दूसरा शिफ्ट दोपहर बाद 2:30 से शुरू हुआ और 05:30 बजे समाप्त हुआ. पेपर वन में 50 सवाल पूछे गये थे. पेपर वन के बारे में परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर ज्यादा कठिन तो नहीं था. लेकिन, ध्यान से पढ़ने वाले स्टूडेंट्स के लिए बेहतर था. विषय वाले पेपर भी औसतन आसान थे. इस बार करेंट अफेयर्स के सवाल काफी कम पूछे गये थे.
टीचिंग एप्टीट्यूट से पांच, रिसर्च एप्टीट्यूड से पांच, कंप्रीहेंसन से पांच, डेटा इंटरप्रेटेशन से पांच, गणित-रिजनिंग से पांच, हायर एजुकेशन, कम्यूनिकेशन से चार, वातावरण से पांच, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी से पांच और लॉजिकल रिजिनिंग से चार सवाल पूछे गये.
आज 18 विषयों के लिए नेट : तीन दिसंबर को पहली पाली में 11 तथा दूसरी पाली में सात, चार दिसंबर को पहली पाली में सात तथा दूसरी पाली में 16, पांच दिसंबर को पहली पाली में पांच तथा दूसरी पाली में चार विषयों की परीक्षा होगी.
