पटना : कोइलवर पुल पर 20 नवंबर से वनवे ट्रैफिक व्यवस्था लागू होगी. इसके तहत कोइलवर पुल से आरा की ओर बड़े वाहनों का परिचालन बंद हो जायेगा, जबकि आरा से कोइलवर पुल होते हुए बड़े वाहन पटना तक आ सकेंगे. पटना से कोइलवर पुल होते हुए आरा और आरा से कोइलवर पुल होते हुए पटना तक छोटी वाहनों के परिचालन पर कोई रोक नहीं रहेगी.
यह निर्णय शुक्रवार को डीएम कुमार रवि की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया. डीएम ने बताया कि बिहटा से कोइलवर की ओर जाने वाली ट्रकों को शाहपुर पुल से अरवल होकर भेजा जायेगा. 20 नवंबर तक पूर्व की भांति चार पीपापुल दानापुर, गांधी सेतु के पूरब गायघाट, कच्ची दरगाह के पास और बख्तियारपुर में चालू हो जायेंगे. 20 नवंबर से छोटी गाड़ियां इन्हीं पीपापुल से होकर गुजरेंगी.
रात में ही जेपी सेतु पर ट्रकों को अनुमति : डीएम ने बताया कि 20 नवंबर से सिर्फ रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक ट्रकों को जेपी सेतु से उत्तरी बिहार जाने के लिए परिचालन की अनुमति होगी. जेपी सेतु पर भारी वाहनों के लिए वनवे ट्रैफिक होगा. सभी बड़े वाहन दानापुर होते हुए जेपी सेतु को पार कर सकेंगे.
जेपी सेतु पर रात में भारी वाहनों का ट्रैफिक मेंटेन करने के लिए छह जगहों पर चेक पोस्ट बनाये जायेंगे. ये चेक पोस्ट बिहटा–बिक्रम रोड में बिहटा, बिहटा–पतरातु रोड में बिहटा, शिवाला–नौतबपुर रोड में नेउरा, एम्स–नौबतपुर पथ पर एम्स के आगे, गौरीचक-मसौढ़ी के बीच, दीदारगंज चेकपोस्ट से दो किमी पूरब 4 लेन पर रहेंगे. नहर रोड और कुर्जी छोर से बड़ी गाड़ियां उत्तर बिहार की ओर नहीं जायेंगी.
दो बजे रात से शहर में ट्रकों का प्रवेश बंद
डीएम ने बताया कि रात 10 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश पटना होते हुए जेपी सेतु से उत्तरी बिहार तक जाने के लिए चेकपोस्ट पर वाहनों की तलाशी ली जायेगी. रात दो बजे के बाद से पटना शहर में आने के लिए गाड़ियों का प्रवेश बंद कर दिया जायेगा, ताकि सभी भारी वाहन जेपी सेतु से सुबह पांच बजे से पहले ही पास कर जाएं और पटना शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो.
उन्होंने बताया कि राजेंद्र सेतु मोकामा पर भारी वाहनों के परिचालन पर लगी रोक को प्रभावी बनाने के लिए खनन विभाग एवं परिवहन विभाग के पदाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की 30 नवंबर तक राउंड द क्लॉक 24 घंटे प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया गया है. डीएम ने कहा कि निर्देशों की पुन: एक सप्ताह के बाद समीक्षा की जायेगी. अगर आवश्यकता हुई तो इसमें संशोधन किया जायेगा.
