पटना : छठ के बाद मच्छरों के पनपने के कारण एक बार फिर से डेंगू मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया है. चार नवंबर से लेकर सात नवंबर यानी पिछले चार दिनों में यह संख्या 250 क्रॉस कर चुकी है, जो छठ के पहले सौ के आसपास थी. चार नवंबर को 81 मरीजों की जांच में 39 मरीज मिले, 5 नवंबर को 108 मरीजों की जांच में 68 मरीज, 6 नवंबर को 144 मरीजों की जांच में 91 पॉजिटिव मिले थे. वहीं 7 नवंबर को 92 मरीजों की जांच हुई तो 45 मरीज पॉजिटिव मिले. यानी यदि सात नवंबर को छोड़ दिया जाये तो मरीजों की संख्या बढ़ी है. इसमें ज्यादातर रोगी पटना के हैं.
अन्य रोगी नालंदा, सीवान, गया, नवादा, वैशाली, औरंगाबाद, रोहतास, बेगूसराय और खगड़िया समेत अन्य जिले के शामिल हैं. मरीजों की कुल संख्या 3000 से ज्यादा हो गयी है.
डेंगू के लक्षण
डेंगू में तेज बुखार के साथ शरीर पर लाल-लाल चकत्ते दिखायी देते हैं.
इसमें 104 डिग्री तेज बुखार आता है और सिर में तेज दर्द होता है.
शरीर के साथ जोड़ों में भी दर्द होता है. खाना पचने में दिक्कत होती है.
उल्टी होना, भूख कम लगना व ब्लड प्रेशर कम हो जाना इसके कुछ अन्य लक्षण हैं. डेंगू से ऐसे बचें
घर के आसपास साफ ठहरे पानी में किरासन या ब्लीचिंग पाउडर डालें.
बुखार कम करने के लिए पैरासेटामॉल की गोली लें.
तीन दिन से ज्यादा बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक के पास जाएं.
रोगी को ज्यादा तरल चीजें दीजिये ताकि शरीर में पानी की कमी न हो.
