पटना : सरकारी स्कूलों में बच्चों का शोषण और अत्याचार रोकने के उद्देश्य से चाइल्ड हेल्पलाइन के नंबर और बाल संरक्षण से जुड़े कानून स्कूलों की दीवारों पर लिखे जायेंगे. जिले के अंदर चलने वाले हर स्कूलों के परिसर पर वॉल पेंटिंग के माध्यम से चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 लिखा जाना जरूरी होगा. डीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि बच्चों को जागरूक करने और उनको उनके अधिकार को समझाने के लिए यह प्रयोग किया जा रहा है. इससे बच्चे जागरूक होकर शोषण, अत्याचार, बाल विवाह संबंधित शिकायत चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर पर कर सकेंगे.
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर भी पेंटिंग कर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 लिखा जाना है. वहीं, सभी स्कूलों, होटलों, मंदिर परिसरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व उप स्वास्थ्य केंद्रों की दीवारों पर चाइल्ड लाइन का हेल्पलाइन नंबर अंकित करवाना होगा.
चाइल्डलाइन टॉल फ्री नंबर 1098 उन बच्चों को 24 घंटे सहायता प्रदान करती है जो बेसहारा, घर से भागे हुए, जो तस्करी का शिकार हों, बाल श्रम करते हों, जो खराब हालत में फंसे हों तथा जिन्हें देखभाल और सुरक्षा की जरूरत हो. 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी तरह का सेक्सुअल बर्ताव पोक्सो एक्ट के दायरे में आता है. इसके तहत लड़के और लड़की दोनों को ही संरक्षण दिया गया है.
10 को पटना आयेंगे श्रीराजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष
पटना. श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना और राष्ट्रीय प्रभारी प्रहलाद सिंह किच्ची 10 नवंबर को पटना आयेंगे. यह जानकारी सेना के राष्ट्रीय महासचिव गोपाल सिंह ने दी. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को देखते हुए 06 नवंबर को प्रधान कार्यालय में समाज के लोगों का जुटान होगा.
