पटना सिटी : महात्मा गांधी सेतु व अशोक राजपथ की सड़कों पर सोमवार को भी वाहनों का दबाव कायम रहने, ओवर टेक व बेतरतीब परिचालन की वजह से दोपहर तक रुक-रुक जाम की स्थिति बन रही थी. जाम की यह स्थिति पटना से हाजीपुर जाने वाले मार्ग व हाजीपुर से पटना आने वाले मार्ग पर थी.
दरअसल महात्मा गांधी सेतु को सुपर स्ट्रक्चर व जंगरोधी स्टील से पुनर्निर्माण करने के लिए निर्माण कंपनी की ओर से हाजीपुर की तरफ पश्चिमी लेन में कार्य कराया जा रहा है. इस परिस्थिति में वाहनों का परिचालन महज एक लेन पूर्वी लेन पर हो रहा है. पूर्वी लेन पर ही हाजीपुर से पटना व पटना से हाजीपुर वाहनों की आवाजाही हो रही है, जबकि पश्चिमी लेन पर हाजीपुर की तरफ निर्माण कार्य चल रहा है.
ऐसे में वाहनों के दबाव की वजह से जाम की समस्या कायम होती है. जाम की स्थिति में यात्रियों को फजीहत झेलनी पड़ती है. बताया जाता है कि इसी बीच में हाजीपुर की तरफ एक वाहन खराब हो गया था. जिस वजह से समस्या कुछ ज्यादा गहरा गयी थी. दूसरी ओर अशोक राजपथ पर जाम की स्थिति बन गयी.
जब सड़क पर दर्जनों लक्ष्मी व काली की प्रतिमा विसर्जन के लिए निकली थी. इस वजह से अशोक राजपथ में खाजेकलां पानी टंकी से लेकर चौक के बीच व मारूफगंज से मालसलामी के बीच जाम की स्थिति कायम थी. जाम में फंसे ऑटो सवार यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था.
