पटना : कंकड़बाग थाने के समीप स्थित पंजाब नेशनल बैंक भवन के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की दुकान इलेक्ट्रोवीजन से दीवाली की रात चोरों ने 66 स्मार्ट टीवी, स्टेबलाइजर, मिक्सर ग्राइंडर, सात लाख नकद व अन्य कीमती सामान चुरा लिया.
इसकी कीमत करीब 30 लाख से अधिक बतायी जाती है. खास बात यह है कि चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गये. चोरी करने के दौरान चोरों ने आराम से मिठाई खायी और फ्रिज से बोतल निकाल कर पानी पी. इसके साथ ही सारे सामान को इधर से उधर कर दिया.
इससे यह प्रतीत होता है कि चोरों ने उन सामानों को भी ले जाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाये. घटना की जानकारी मिलने पर कंकड़बाग थाना पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन की. इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से चोर की एक लूंगी को बरामद किया है. इसके साथ ही डॉग स्कवॉयड से भी दुकान के चप्पे-चप्पे की जांच करायी गयी है.
इस संबंध में दुकानदार रणदीप सुमन के बयान के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ कंकड़बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और जांच कर रही है. इधर, पुलिस उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज को खंगालने में लगी है. रणदीप सुमन ने बताया कि रविवार होने के कारण कैश जमा नहीं हो पाया था, जिसके कारण काउंटर में ही पड़ा था. टीवी के साथ करीब छह-सात लाख रुपये भी गायब है.
दस बजे दुकान बंद कर गये थे अपने घर
दुकानदार रणदीप सुमन व उनके कर्मचारी रविवार को दस बजे रात में दुकान बंद कर अपने-अपने घर चले गये थे. अगले दिन सुबह में चोरी होने की जानकारी मिली. दुकान का आगे का शीशा टूटा हुआ था. चोर उसी रास्ते अंदर प्रवेश कर गये थे. बताया जाता है कि बगल में स्थित टेंट दुकान की लकड़ी की सीढ़ी कैंपस में ही रखी हुई थी.
चोरों ने लकड़ी का इस्तेमाल कर दुकान के शॉप के ऊपरी हिस्से में लगे शीशे को फोड़ दिया और उसी रास्ते अंदर प्रवेश कर गये थे. इसके बाद स्मार्ट टीवी व अन्य कीमती सामान के साथ छह लाख रुपये लेकर फरार हो गये. चोरों द्वारा इतनी संख्या में टीवी को हाथ में ले जाना संभव नहीं होगा और इसके लिए उनके पास एक गाड़ी होगी.
