राहत सामग्री का वितरण
पटना : चार दिन की बारिश के बाद पानी से घिरे लोगों के बीच राहत सामाग्री बांटने का काम जारी है. मंगलवार को जिला प्रशासन की तरफ से राजेंद्र नगर इलाके में जल जमाव प्रभावितों के बीच दूध, पानी का बोतल, बिस्कुट, केक, ब्रेड एवं केला का वितरण किया गया. डीएम कुमार रवि एवं वरीय पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ट्रैक्टर पर बैठकर संदलपुर इलाके में भी सैकड़ों फूड पैकेट व पेयजल बोतल बंटवाये. दो हेलिकॉप्टरों से 6,270 फूड पैकेट एयर ड्रॉपिंग किये गये. 30 सितंबर को 1060 फूड पैकेट की एयर ड्रॉपिंग की गयी थी. कुल 7,330 पैकेट प्रभावित परिवारों के बीच एयर ड्रॉपिंग की गयी. एसके मेमोरियल हॉल में 15000 फूड पैकेट तैयार करने का निर्देश है.
अब फूड पैकेट में डाली जायेेंगी जीवन रक्षक दवाएं
डीएम ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया है कि फूड पैकेट में जीवन रक्षक दवा भी डाली जाये. दवा के साथ-साथ किस मर्ज की दवा है, इसे पर्ची में लिख दिया जाये. साथ ही मच्छर से बचाव के लिए फॉगिंग भी करायें. फाॅगिंग शुरू भी हाे गया है.
प्रभावित इलाकों में 60 वाटर टैंकर लगाये गये
अभी तक पीएचइडी द्वारा पीने के पानी के लिए प्रभावित इलाके में 60 वाटर टैंकर लगाया गया है. इसके साथ ही 35,000 पानी का पाउच तथा 30,000 पानी के बोतल आपदा पीड़ितों को मुहैया कराया गया है. साथ ही 7500 दूध का पैकेट भी बांटा गया.
35 मोटर बोट, 83 ट्रैक्टर, 10 बस, पांच इ-रिक्शा लगाये गये
बचाव कार्य के लिए जिला प्रशासन की तरफ से 35 मोटर वोट के साथ 83 ट्रैक्टर, 10 बस एवं 05 इ-रिक्शा का उपयोग किया जा रहा है. 35 मोटर बोट के माध्यम से लोगों को सुरक्षित स्थलों पर पहुंचाया जा रहा है. बोट एवं ट्रैक्टर के माध्यम से जिला प्रशासन प्रभावित परिवाराें को राहत सामाग्री उपलब्ध करा रही है. कॉम्युनिटी किचन, महाराणा प्रताप भवन, दिनकर गोलंबर एवं कॉमर्स कॉलेज, पटना में चलाया जा रहा है, जहां दिन-रात जल जमाव से प्रभावित लोगों को मुफ्त भोजन कराया जा रहा है.
संप हाऊस 24 घंटे चलाने का निर्देश
डीएम ने नगर आयुक्त को अपने स्तर से कैंपों में कार्यपालक पदाधिकारी
की प्रतिनियुक्ति करने व 24 घंटे संप हाउस कोचालू रखते हुए पानी का निकासी युद्ध स्तर पर कराने का निर्देश दिया. साथ ही नाला पर किये गये अतिक्रमण को हटाने की भी बात कही. आम लोगों की सुरक्षा के लिए आठ बोटों से रात में पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया है. इसके लिए बोट उपलब्ध करा दिया गया है.
