दीघा घाट, गांधी घाट और हथिदह में जल स्तर डेंजर लेवल पार कर गया है
पटना : गंगा नदी में जलस्तर का बढ़ना जारी है. दीघा घाट, गांधी घाट और हथिदह में जल स्तर डेंजर लेवल पार कर गया है. घाट के किनारे, दियारा में रहने वाले लोग अपना आशियाना छोड़ चुके हैं. पिछले एक सप्ताह से गंगा में उफान और तेज लहरों की मार झेल रहे बाढ़ पीड़ितों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं.
हालांकि, पिछले चौबीस घंटे में जल संसाधन विभाग के आंकड़े को देखें तो दीघा घाट पर दो एमएम, गांधी घाट पर एक एमएम और हाथीदह पर आठ एमएम की बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी. पिछले दिनों की अपेक्षा बढ़ाव की स्पीड कम है, लेकिन जब तक बाढ़ का पानी डेंजर लेवल से नीचे नहीं जाता है, तब तक बाढ़ पीड़ितों के साथ प्रशासन की चिंता बनी हुई है. बिंद टोली के लोग घर छोड़कर किसी तरह से पेट भरने की व्यवस्था में लगे हुए हैं. डीएम कुमार रवि का कहना है कि इलाहाबाद में रविवार की दोपहर गंगा नदी में जल स्तर घटा है. हालांकि यह मामूली है, लेकिन उम्मीद है कि अब जल स्तर इससे ज्यादा नहीं बढ़ेगा.
सुबह-शाम हो रही है मॉनीटरिंग, मजिस्ट्रेट की है तैनाती : जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन की तरफ से सभी घाटों की निगरानी की जा रही है.
घाटों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है. सिंचाई विभाग के इंजीनियर सुबह-शाम तटबंधों के हालात को देख रहे हैं. इसके अलावा सिविल डिफेंस के वॉलेंटियर को लगाया गया है. बैनर के जरिये लोगों को गहरे पानी में जाने से मना किया जा रहा है. प्रशासन की तरफ से सभी प्रयास जारी हैं. डीएम भी घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि जल स्तर बढ़ने से सबसे ज्यादा मुश्किल दीघा, मनेर, दियारा इलाके में हो रही है. दियारा में ज्यादा पानी फैल रहा है. सीओ, एसडीओ की तरफ से राहत सामाग्री बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचायी जा रही है. इसमें राशन, दवा समेत अन्य घरेलू सामान मौजूद है
.
जल स्तर बढ़ता रहा तो सुरक्षित ठिकानों पर रखे जायेंगे बाढ़पीड़ित
लगातार जलस्तर बढ़ता हुआ देख प्रशासन ने अंदर खाने बचाव की तैयारी कर रखा है. कोशिश है कि शहर में बाढ़ के पानी का प्रवेश न हो. लेकिन अगर ऐसा होता है तो उन लोगों के घरों को खाली कराया जायेगा जो गंगा घाट के किनारे झोपड़ी में रह रहे हैं. झोपड़ी तक पानी आ गया है. इसके अलावा सरकारी स्कूल, अन्य भवनों में बाढ़ पीड़ितों व उनके गाय-भैंस को रखने की व्यवस्था प्रशासन करेगा. फिलहाल यह माना जा रहा है कि एक दो दिन में पानी का घटना शुरू हो जायेगा.
