पटना : 24 सितंबर को होगा उपचुनाव में सीटों पर मंथन

पटना : राज्य की पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव को लेकर महागठबंधन में तकरार जारी है. यदि राजद, कांग्रेस और हम अपनी जिद पर अड़ी रही तो सीटों की संख्या कम पड़ जायेगी. पांच सीटों में कांग्रेस तीन, हम दो और राजद चार पर चुनाव लड़ना चाहता है. अब सबकी नजर 24 […]

पटना : राज्य की पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव को लेकर महागठबंधन में तकरार जारी है. यदि राजद, कांग्रेस और हम अपनी जिद पर अड़ी रही तो सीटों की संख्या कम पड़ जायेगी. पांच सीटों में कांग्रेस तीन, हम दो और राजद चार पर चुनाव लड़ना चाहता है. अब सबकी नजर 24 सितंबर को होने वाली महागठबंधन की बैठक पर टिकी है.
राजद कार्यालय में सीटों पर उम्मीदवारी को लेकर बैठक हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक रालोसपा उपचुनाव में रुचि नहीं दिखा रही है. पार्टी के नेताओं के अनुसार पहले से रालोसपा की कोई सीट नहीं होने के कारण दावा ही नहीं बनता है. जबकि, हम पार्टी दो विधानसभा किशनगंज और नाथ नगर को लेकर तैयारी कर रही है. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस का दावा तीन विधानसभा नाथनगर, किशनगंज व सिमरी बख्तियापुर को लेकर है.
इसके अलावा पार्टी समस्तीपुर लोकसभा में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. जानकारी के अनुसार राजद का दावा भी चार विधानसभा नाथ नगर, बेलहर, दरौदा और नाथ नगर में चुनाव लड़ने को लेकर है. अब बैठक में सीटें स्पष्ट होने के बाद सभी पार्टियां उम्मीदवारों के नाम फाइनल करेंगी.
एनडीए कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में तय होंगी सीट व उम्मीदवारी
राज्य में लोकसभा की एक और विधानसभा की पांच सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर एनडीए कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक अगले दो दिनों में होगी. बैठक में ही सीटों के तालमेल और वहां उतरे जाने वाले उम्मीदवारों पर मुहर लगेगी. इसके बाद औपचारिक तौर पर नामों का ऐलान कर दिया जायेगा. उप चुनाव के लिए सोमवार से नामांकन प्रकिया शुरू हो रही है और यह 30 सितंबर तक चलेगी. वहीं, 21 अक्तूबर को मतदान होगा और 24 अक्तूबर को रिजल्ट आयेगा. पांचों सीट लोकसभा चुनाव में विधायकों के सांसद बनने के कारण खाली हुए हैं.
वहीं लोकसभा सीट समस्तीपुर लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान के निधन के चलते खाली है. जदयू सूत्रों की माने तो जदयू पांच में चार विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ सकता है. इसमें नाथनगर, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा और बेलहर की सीटें हैं. जबकि भाजपा को किशनगंज पर चुनाव लड़ने का मौका मिल सकता है. भाजपा उम्मीदवार तय करने के लिए पार्टी चुनाव कमेटी की बैठक अगले सप्ताह में नयी दिल्ली में होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >