पटना : जक्कनपुर थाना क्षेत्र में मछली व्यापारी से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने व्यापारी के बाइक को आग के हवाले कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार जक्कनपुर थाना क्षेत्र के बिगड़ा देवी स्थान के पास एक व्यापारी से मछली व्यवसाय करने के एवज में रंगदारी मांगी जा रही थी. यह रंगदारी पिछले 20 दिनों से लगातार रंगदार के गुर्गों की ओर से मांगी जा रही थी.
वहीं जब उसने रुपये नहीं दिये तो मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे आरोपितों ने व्यापारी के बाइक में आग लगा दी. आग लगते ही बाइक पूरी तरह से जल गयी.
पीड़ित व्यापारी ने कुछ लोगों के खिलाफ जक्कनपुर थाने में मामला दर्ज कराया है. वहीं थाना प्रभारी ने कहा कि रंगदारी मांगी गयी है या यह आपसी रंजिश है, इस मामले की जांच की जा रही है. बाइक में आग क्यों लगायी गयी है, इसकी जानकारी जल्द ही पुलिस को मिल जायेगी. उसके बाद मुख्य आरोपितों पर कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जायेगा. फिलहाल जली हुई बाइक को थाने में लाकर रख दिया गया है.
लूट के आरोपित का सरेंडर
पटना : पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में एयरफोर्स कर्मी अमित कुमार को गोली मार कर मोबाइल फोन लूटने वाले आराेपित रंधीर कुमार ने सरेंडर कर दिया. रंधीर दूजरा का रहने वाला है.
इसने अपने एक अन्य साथी सुनील कुमार के साथ मिल कर 18 नवंबर 2018 को पाटलिपुत्र गोलंबर के समीप अमित को गोली मार कर घायल कर दिया था और मोबाइल फोन छीन कर फरार हो गये थे. अमित कुमार की इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में मौत हो गयी थी. पुलिस इस मामले को पहले तो आपसी विवाद से जोड़ कर देख रही थी.
