पटना : राज्य में यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए तीन स्टेट हाइवे पर मरम्मत का काम किया जायेगा और इन्हें टू लेन से फोर लेन बनाया जायेगा. इनमें एसएच-93, एसएच-74 व एसएच-4 शामिल हैं. इन सड़कों का डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इसके लिए नौ सितंबर तक आवेदन मांगे गये हैं.
चयन की प्रक्रिया पूरी होने पर 20 दिनों में डीपीआर बनाकर देना होगा. इसके बाद विभागीय समीक्षा, अनुमति, राशि की स्वीकृति व टेंडर के बाद दिसंबर, 2019 से सड़क मरम्मती का काम शुरू होने की संभावना है.
पथ निर्माण विभाग के सूत्रों का कहना है कि हाजीपुर से बछवारा तक जाने वाली एसएच-93 सड़क को करीब 14 किमी तक मरम्मत की जायेगी. साथ ही इसकी चौड़ाई बढ़ाकर टू लेन से फोर लेन की जायेगी. यह सड़क करीब 14 किमी की दूरी में करीब तीन साल से खराब थी. साथ ही इसकी वाहनों का दबाव बढ़ने से इसकी चौड़ाई बढ़ाने की जरूरत थी.
साथ ही हाजीपुर से लालगंज होकर मानिकपुर तक जाने वाली एचएच-74 सड़क भी टू लेन से फोन बनायी जायेगी. इस सड़क की लंबाई करीब 39.83 किमी है. वहीं करीब 133.83 किमी लंबी दनियावां-इस्लामपुर-गया सड़क एसएच-4 सड़क में करीब 80 किमी की दूरी में टू लेन से फोर लेन बनाने और इसे मरम्मत का काम होना है.
