शशिभूषण कुंवर
पटना : पंचायती राज विभाग ने 1435 पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की जिम्मेदारी पंचायत के मुखिया को सौंप दी है. इसके लिए विभाग द्वारा 250 करोड़ की स्वीकृति भी दे दी गयी है.
विभाग द्वारा इसका दो अक्तूबर को सामूहिक शिलान्यास कराया जायेगा. इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिलान्यास कराने की तैयारी की जा रही है. पहली बार राज्य के मुखिया पंचायत सरकार भवनों का निर्माण करायेंगे.
एक पंचायत सरकार भवन के निर्माण पर एक करोड़ 14 लाख खर्च होंगे. भवन ग्रामीणों के लिए सरकारी कार्यालय के रूप में काम करेगा. यहां पर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाणपत्र जैसी 52 प्रकार की सेवाएं िमलेंगी.
ग्राम पंचायत का कार्यालय होगा
पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच के अनुरूप पंचायत सरकार भवनों का निर्माण ग्राम पंचायतों द्वारा निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण करा लिया जायेगा.
उन्होंने बताया कि पंचायत सरकार भवन स्थानीय स्तर पर ग्राम पंचायत का कार्यालय होगा. यहां पर ग्राम पंचायत के साथ ग्राम कचहरी का न्यायालय का संचालन किया जायेगा.
जिलों के लिए पंचायत सरकार भवन निर्माण का लक्ष्य निर्धारित
पंचायती राज विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों को पंचायत सरकार भवन निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. भवन का निर्माण मुखिया द्वारा कराया जाना है, जबकि इसके डीडीओ संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को बनाया गया है. पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की अवधि कार्य प्रारंभ होने से 12 माह निर्धारित की गयी है.
निर्माण की राशि का भी भुगतान काम के आधार पर किया जायेगा. सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि वह निर्धारित अवधि के अंदर सभी प्रखंडों में भूमि का चयन प्रक्रिया का काम पूरा कर लें.
विभाग द्वारा जिलों को निर्धारित किये गये लक्ष्य के अनुसार बक्सर जिले में 24, रोहतास जिले में 42, भोजपुर-39, नालंदा- 43, पटना-56, कैमूर-26, गया-56, नवादा-32, औरंगाबाद- 34, जहानाबाद -16, अरवल- 12, सारण-55, सीवान-50, गोपालगंज- 40, मुजफ्फरपुर- 65, वैशाली-49, पूर्वी चंपारण- 69, पश्चिमी चंपारण- 54, सीतामढ़ी- 46, शिवहर- नौ, भागलपुर- 41, बांका- 31, मधुबनी- 68, समस्तीपुर- 65, दरभंगा-55, सहरसा- 26, मधेपुरा-29, सुपौल- 31, पूर्णिया- 42, अररिया- 37, किशनगंज- 21, कटिहार-40, मुंगेर- 17, जमुई- 26, बेगूसराय- 44, खगड़िया- 22, लखीसराय- 14 और शेखपुरा जिले में नौ पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कराया जाना है.
15 अगस्त 2020 को यहां आयोजित होंगे समारोह
पंचायती राज विभाग ने पंचायत सरकार भवनों के निर्माण का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है. पंचायत सरकार भवनों को 15 अगस्त, 2020 के पहले निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. विभाग द्वारा 20 अगस्त तक प्राक्कलन तैयार करने, 31 अगस्त तक इसकी तकनीकी स्वीकृति ली जानी है.
15 सितंबर तक प्रशासनिक स्वीकृति दी जायेगी. दो अक्तूबर को एक साथ सभी पंचायतों का निर्माण शुरू होगा. विभाग ने सात दिनों के अंदर भूमि का विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
