पटना : पटना जिले के लिए नियोजित शिक्षकों की मेधा सूची अभी तक जारी नहीं हो सकी है. हालांकि इस सूची को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को अफसरों का लगातार मंथन जारी रहा. डीइओ ज्योति कुमार एवं डीपीओ केशव प्रसाद एवं अन्य अफसर इस मंथन में शामिल रहे. मेधा सूची को अंतिम मंजूरी जिला परिषद अध्यक्ष अंजू देवी को देनी है. उन्होंने बताया कि मेरा पास अभी मेधा सूची नहीं आयी है.उल्लेखनीय है कि जिले में 1098 पदों के लिये मेधा सूची जारी की जानी है.
इधर, कार्यालय नगर परिषद मसौढ़ी, नगर परिषद फतुहा, नगर परिषद मोकामा ने माध्यमिक शिक्षा नियोजन की अंतिम मेधा सूची सार्वजनिक कर दी है.
यह सूची पंचम चरण के तहत माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षक नियोजन वर्ष 2016 से संबद्ध है. ये मेधा सूचियां पटना एनआइसी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गयी हैं. इनमें नगर परिषद फतुहा और नगर परिषद मसौढ़ी की मेधा सूची गुरुवार 25 जुलाई को और मोकामा नगर परिषद की मेधा सूची बुधवार 24 जुलाई को जारी की गयी थी.
