सभी एंगल से की जायेगी जांच
पटना : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना में इलाज कराने आ रहे मरीजों के लिए राहत देने वाली खबर है. क्योंकि अब एम्स में मरीजों को जल्द ही डिजिटल फ्लोरोस्कोपी जांच की सुविधा मिलेगी. डिजिटल फ्लोरोस्कोपी को मरीजों के एक्स-रे जांच के लिए उपयोग किया जाता है. इस तकनीक में सामान्य एक्स-रे की तरह फिल्म नहीं बल्कि वीडियो फाॅर्मेट में रिपोर्ट मिलेगी. अस्पताल प्रशासन की ओर से इस सुविधा की तैयारी की जा रही है. इस तकनीक से खासकर गंभीर बीमारियों की सटीक जांच की जा सकेगी. फिलहाल यह सुविधा दिल्ली, रायपुर, ऋषिकेश एम्स में मरीजों को दी जा रही है. सब ठीक रहा, तो अगले डेढ़ महीने में सुविधा मिल जायेगी.
1.5 करोड़ की मशीन
एम्स प्रबंधन के मुताबिक डिजिटल फ्लोरोस्कोपी मशीन लायी जा रही है. करीब 1.5 करोड़ रुपये खर्च कर मशीन को संस्थान में लाया जा रहा है. इसके लिए विशेष चैंबर तैयार किये जायेंगे. एक्स-रे फिल्म में अंग को दो एंगल से ही देखा जा सकता है. लेकिन डिजिटल फ्लोरोस्कोपी से अंग को 360 डिग्री एंगल से देख सकते हैं. वीडियो इमेज को बड़ा या छोटा करके देख सकते हैं.
