पटना : रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूर्व मध्य रेल क्षेत्र में आने और गुजरने वाली एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है. नयी समय सारणी के अनुरूप सोमवार से ट्रेनें चलने लगेंगी. नयी समय सारणी के अनुसार राजेंद्र नगर से खुलने वाली राजेंद्र नगर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस पटना जंक्शन से रात्रि 12:20 के बदले रात्रि 11:55 बजे रवाना होगी. वहीं, राजेंद्र नगर से खुलने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस सोमवार से शाम 5:50 बजे के बदले शाम 6:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी.
लेकिन, दिल्ली पूर्व निर्धारित समय से ही पहुंचेगी. पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि पटना जंक्शन से खुलने व गुजरने वाली 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है. साथ ही पूर्व मध्य रेल क्षेत्र के सात ट्रेनों की गति भी बढ़ायी गयी है. जम्मूतवी से राजेंद्र नगर आने वाली अर्चना एक्सप्रेस दो घंटे पहले पटना जंक्शन व राजेंद्र नगर टर्मिनल पहुंचेगी.
