पटना : कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा है कि कृषि विभाग किसानों को इस बात के लिए जागरूक कर रहा है कि वे खेत में फसल अवशेष को नहीं जलाएं. डाॅ कुमार बुधवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बामेती परिसर में पौधरोपण कर रहे थे.
इस अवसर पर पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संकल्प लिया कि कम से कम एक पौधा अवश्य लगायेंगे. इस मौके पर पानी की बर्बादी रोकने का संकल्प लिया गया. मंत्री ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कृषि विभाग एक सप्ताह तक विशेष कार्यक्रम चलायेगा, जिसमें मुख्यालय से लेकर पंचायत स्तर तक के सभी कृषि पदाधिकारी एवं प्रसार कार्यकर्ता एक पौधा लगायेंगे. कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को खेतों में फसल अवशेषों को जलाने से रोकने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
इसके लिए राज्य स्तर पर विकास आयुक्त की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय कार्यसमूह का गठन किया गया है, जिसमें किसानों को फसल अवशेषों को खेतों में नहीं जलाने के प्रति जागरूक करने संबंधित कार्य विभागों के माध्यम से किया जा रहा है. इस अवसर पर निदेशक, बामेती जितेन्द्र प्रसाद, संयुक्त निदेशक संजय कुमार, उपनिदेशक मनोज कुमार मौजूद थे.
