पटना : पटना विश्वविद्यालय के बीएन कॉलेज में इंजीनियरिंग व मेडिकल के लिए नि:शुल्क कोचिंग करायी जायेगी. यह कोचिंग समाज के गरीब तबके के बच्चों को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही है, जिसका नाम होगा ‘उड़ान’. इसमें गरीब तबके के छात्र-छात्राओं का चयन किया जायेगा और उन्हें नि:शुल्क पढ़ाया जायेगा.
इसमें किसी तरह का फंड इंवेस्टमेंट नहीं होगा बल्कि कॉलेज के बाद ही जब क्लास रूम खाली हो जायेंगे, कॉलेज के शिक्षक नि:शुल्क क्लास लेंगे. इसमें साइंस से ताल्लुक रखने वाले शिक्षकों का एक ग्रुप विशेष रूप से अपना अलग से समय देंगे.
चुनाव समाप्त होते ही इसे शुरू करने की योजना है.सप्ताह में दो दिन नि:शुल्क योग कार्यक्रम भी : बीएन कॉलेज में ही सप्ताह में दो दिन कॉलेज शुरू होने के पहले ही विशेष योग शिविर का आयोजन भी करने की योजना है. इसके तहत सप्ताह में दो दिन निशुल्क योग कार्यक्रम भी चलाया जायेगा. इसमें कोई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है और योग की शिक्षा निशुल्क प्राप्त कर सकता है. पटना विश्वविद्यालय की डिस्पेंसरी के पूर्व इंचार्ज डॉ प्रभाकर देवराज यहां दो दिन योग की शिक्षा प्रदान करेंगे.
