पटना : साइबर अपराधी विजय पुलिस के लिए साबित होगा तुरुप का पत्ता

साइबर अपराधी को रिमांड पर लेगी पुलिस, गैंग को पकड़ने को छापेमारी पटना : साइबर अपराध से जुड़े गैंग को दबोचने के लिए पुलिस पत्रकार नगर इलाके से गिरफ्तार साइबर अपराधी विजय सिंह को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है. शुक्रवार को इसके लिए कोर्ट में आवेदन दिया जायेगा. एक बार फिर से […]

साइबर अपराधी को रिमांड पर लेगी पुलिस, गैंग को पकड़ने को छापेमारी
पटना : साइबर अपराध से जुड़े गैंग को दबोचने के लिए पुलिस पत्रकार नगर इलाके से गिरफ्तार साइबर अपराधी विजय सिंह को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है. शुक्रवार को इसके लिए कोर्ट में आवेदन दिया जायेगा. एक बार फिर से अपराधी विजय से पूछताछ की जायेगी. उसकी निशानदेही पर पुलिस छापेमारी करेगी. कई स्थानों पर छापेमारी हुई भी है, लेकिन अभी और गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
एसएसपी गरिमा मलिक ने कहा कि साइबर अपराधी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी. विजय कतरीसराय के साइबर अपराधियों के गैंग में काम करता है. इसलिए विजय पुलिस के लिए तुरुप का पत्ता साबित हो सकता है. इस गैंग का नेटवर्क बहुत ही बड़ा है. कतरीसराय में कई सालों से साइबर अपराध हो रहे हैं और संगठित गिरोह इसे संचालित कर रहे हैं. झारखंड के जामताड़ा के बाद कतरीसराय साइबर अपराधियों का ट्रेनिंग सेंटर बन गया है और आसपास के करीब डेढ़ दर्जन गांव साइबर अपराध का अड्डा बन चुके हैं. ऐसे में विजय का पुलिस के चंगुल में आना एक बड़ी कामयाबी है. अब आगे की घेराबंदी के लिए पुलिस काम कर रही है.
कई राज्यों की पुलिस लगा रही है चक्कर
साइबर अपराध के चिह्नित इलाकों में हर 10 दिन पर दूसरे प्रदेशों की पुलिस अपराधियों की तलाश में आ रही है. अब तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों की पुलिस धमक चुकी है. साइबर अपराध से जुड़े अपराधी गांव वालों के साथ पूरा गैंग बनाकर पुलिस के छापेमारी का विरोध करते हैं.
कई बार तो ऐसा होता है कि अगर गांव में किसी की गिरफ्तारी हो जाती है तो अपराधी पुलिस से भिड़ कर अपने लोगों को छुड़ा ले जाते हैं. एक तरह से इस अपराध के आगे अब तक पुलिस नतमस्तक ही दिखी है, लेकिन विजय की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कई जानकारी जुटा कर प्लानिंग के साथ कार्रवाई कर सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >