पटना : पटना विश्वविद्यालय कैंपस के बीचों बीच मुख्यालय कार्यालय व साइंस कॉलेज के बीच कृष्णा घाट गली को चौड़ा कर उस पर गंगा पाथवे से एलिवेटेड सड़क बनाने के प्रस्ताव का पीयू में विरोध शुरू हो गया है. कर्मचारी संघ से लेकर शिक्षक संघ सभी इसका विरोध कर रहे हैं. यही नहीं छात्र संघ भी इसके विरोध में उतर गया है. सभी ने पीयू को इस परियोजना का समर्थन नहीं करने की बात की है और सड़क को कहीं और से निकालने की मांग वे कर रहे हैं. उनका कहना है कि इसे एनआइटी के पास बनाया जाये.
क्या होगा नुकसान : सड़क के दोनों ओर छात्रों व छात्राओं के कई छात्रावास हैं, इसके अतिरिक्त डीडीइ कैंपस, मुख्यालय भी करीब ही है.
साइंस कॉलेज का केमिस्ट्री विभाग व परीक्षा विभाग भी सटे हैं. उक्त सड़क के निर्माण से साइंस कॉलेज व हॉस्टलों की बाउंड्री तो टूटेगी ही सड़क काफी करीब से गुजरेगी. गाड़ियों के शोर-गूल से परेशानी होगी. यही वजह है कि सभी विरोध कर रहे हैं. हालांकि इसका दूसरा पक्ष भी है कि दीघा व गांधी मैदान से बड़ी संख्या में छात्र उक्त सड़क से पीयू में प्रवेश कर जायेंगे और अशोक राजपथ पर से बोझ काफी कम होगा और जाम से निजात मिलेगी. उक्त रास्ते से छात्र आकर पीयू, पीएमसीएच, एनआईटी, साइंस कॉलेज, पटना कॉलेज, डीडीइ, लॉ कॉलेज की ओर जल्दी और आसानी से पहुंच पायेंगे.
पीयू कैंपस के बीचों-बीच सड़क निर्माण के बाद वहां भीड़ बढ़ेगी तो निश्चित तौर पर शैक्षणिक माहौल पर तो असर पड़ेगा. यही वजह है कि विवि भी पूटा, पुसु व कर्मचारी संघ के विरोध के प्रकाश में ही कोई निर्णय सर्वसम्मति से करेगी.
प्रो एनके झा, स्टडूडेंट्स वेलफेयर डीन, पीयू
छात्रों को इससे काफी दिक्कत होगी. शिक्षकों को भी परेशानी होगी. सुविधा तो ठीक है लेकिन जिस चीज के लिए लोग विवि आते हैं, यानी कि पढ़ाई उसमें काफी डिस्टर्बेंस होगा.
प्रो रणधीर कुमार सिंह, पूटा अध्यक्ष
साइंस कॉलेज के छात्रों को काफी दिक्कत होगी. क्योंकि एक ओर हॉस्टल है और दूसरी ओर परीक्षा भवन. परीक्षा में काफी डिस्टर्बेंस होगा.
प्रो अभय कुमार, पूटा महासचिव
महिला छात्रावासों को दिक्कत होगी. उस रास्ते में दो महिला छात्रावास हैं. छात्रों के छात्रावास भी हैं.
मणिकांत मणि, छात्र संघ, महासचिव
इससे विवि को दिक्कतें होंगी. कर्मचारी भी इसका विरोध कर रहे हैं. इसका कोई और हल निकाला जाना चाहिए.
सुबोध कुमार, कर्मचारी संघ, अध्यक्ष
