पटना : आयकर विभाग ने बिहार और झारखंड में अपने अटके हुए करीब 10 हजार करोड़ से ज्यादा के टैक्स को निकालने की मुहिम शुरू की है. इन अटके हुए टैक्स को वसूलने के लिए आयकर विभाग ‘ऑल आउट एक्शन’ शुरू करने जा रहा है.
इसकी पूरी तैयारी हो चुकी है. आयकर विभाग ऐसे सभी लोगों को नोटिस जारी करने जा रहा है. नोटिस पर अमल नहीं करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. इनकी चल और अचल संपत्ति भी अटैच (जब्त) की जा सकती है. सबसे ज्यादा बकाया करीब छह हजार करोड़ का झारखड के पूर्व सीएम मधु कोड़ा के समय हुए घोटालेबाजों के पास है. इसके अलावा करीब 200 लोग ऐसे हैं, जिनके पास करीब डेढ़ हजार करोड़ का टैक्स बकाया है.
इसमें अधिकांश लोग टैक्स डिफॉल्टर हैं, जिसके कई अलग-अलग कारण हैं. कुछ के मामले कोर्ट में चल रहे हैं, तो कुछ की संपत्ति निलामी का मामला अटका हुआ है. चालू वित्तीय वर्ष 2018-19 में आयकर से 14 हजार 618 करोड़ टैक्स संग्रह का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक आठ हजार 693 करोड़ की वसूली हुई है.
टीडीएस का बकाया सरकारी महमकों में ज्यादा
10 हजार करोड़ में दो से ढाई हजार करोड़ ऐसे हैं, जो टीडीएस मद के हैं और इसमें अधिकांश रुपये सरकारी महकमों में बकाया है. इनसे वसूली की कार्रवाई तेजी से की जा रही है.
