पटना : डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि राज्य की एनडीए सरकार ने 60 साल से अधिक उम्र के सभी बुजुर्ग नागरिकों को 400 रुपये मासिक पेंशन देने का फैसला कर, जहां सोशल सिक्यूरिटी की दिशा में बड़ी पहल की है.
वहीं, फसल सहायता योजना की राशि सीधे किसानों के खाते में डालने के लिए 900 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. कृषि में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सबौर स्थित कृषि विश्वविद्यालय को 15 करोड़ रुपये दिये जायेंगे. उन्होंने कहा कि विकास मित्र, टोला सेवक, तालीमी मरकज और रसोइया के रूप में सेवाएं देने वालों के मानदेय में ढाई सौ से ढाई हजार तक की वृद्धि कर सबका साथ, सबका विकास की नीति का इमानदारी से पालन किया गया है.
एक अन्य ट्वीट में कहा है कि पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हमला करने की साजिश रचने वाले कामरान समेत तीन आतंकियों को ढेर कर सेना ने 100 घंटे के भीतर अपनी प्रहार शक्ति का एहसास करा दिया.
