पटना : बिहार में 18 फरवरी को पटना सहित बिहार के 25 जिलों में पेट के कीड़े मारने वाली एल्बेंडाजोल दवा पिलायी जानी है. ये दवाएं सभी कॉलेज व स्कूल के बच्चों को दी जायेगी. कुल 3.88 करोड़ बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा दी जायेगी. यह कहना है पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि का. वे शनिवार को कृमि संक्रमण के दुष्प्रभाव तथा रोकथाम में प्राइवेट स्कूलों की अहम भूमिका पर आयोजित कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे. इसमें राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक लोकेश कुमार सिंह, डब्ल्यूएचओ के डॉ एसएम त्रिपाठी व सिविल सर्जन डॉ पीके झा भी मौजूद रहे.
एक से 19 वर्ष के बच्चों को दी जायेगी दवा
कार्यपालक निदेशक लोकेश कुमार सिंह ने कहा कि 18 फरवरी को एक से 19 साल के बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा दी जायेगी. डब्ल्यूएचओ के मेडिकल अधिकारी डॉ एसएम त्रिपाठी ने कहा कि दवा पटना, अररिया, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, बक्सर, गया, गोपालगंज, जमुइ, जहानाबाद, कैमूर, कटिहार, खगड़िया आदि जिलों में दी जायेगी.
