पटना : आर्थिक हल युवाओं को बल योजना के तहत जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र में शिविर का आयोजन हुआ. अध्यक्षता जिलाधिकारी कुमार रवि ने की. कार्यक्रम में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत 76 लाभुकों के बीच स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का वितरण किया. इसमें दो करोड़ 28 लाख 24 हजार 991 रुपये की राशि छात्रों को दी गयी.
कार्यक्रम में कुशल युवा प्रशिक्षण के 122 लाभुकों को सर्टिफिकेट प्रदान किये गये. मौके पर डीएम ने अजिताभ कुमार, हर्ष कुमार, शिवानी आजाद, नेहा सिंह सहित 76 छात्रों के बीच बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का वितरण किया. बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से लाभान्वित अजिताभ कुमार के पिता प्रफूलचंद्र सिन्हा व नेहा सिंह के पिता संत विलास सिंह ने अपने पुत्र एवं पुत्री के नर्सिंग एवं डेंटल साइंस की पढ़ाई के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड मिलने पर अपनी खुशी जाहिर की.
डीएम ने कहा कि शिक्षा वित्त निगम की स्थापना के बाद छात्रों को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ मिल रहा है. कार्यक्रम में डीएम के अलावा अपर समाहर्ता आपदा सह वरीय प्रभारी पदाधिकारी जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र मोईज उद्दीन, जिला योजना पदाधिकारी निर्मला कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
डेढ़ अरब से अधिक राशि का वितरण : जिला निबंधन-सह-परामर्श केंद्र की ओर से लाभुकों को दिये गये उपलब्धि की जानकारी दी गयी. बताया गया कि जिले में अब तक स्वयं सहायता भत्ता योजना में स्वीकृत आवेदनों की संख्या 14805 तथा वितरित की गयी राशि 12 करोड़ सात लाख 21 हजार रुपये है. स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत जिले में 4822 लाभार्थियों के बीच एक अरब 51 करोड़ 72 लाख 79 हजार तीन सौ 22 रुपये ऋण स्वीकृति की गयी है.
