पटना : संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) शुक्रवार को भी बंद रहा. 31 जनवरी को उद्यान में पक्षियों में एवियन इनफ्लूएनजा की जांच के लिए कुल 19 सैंपल भोपाल भेजे गये थे. इसकी रिपोर्ट गुरुवार को ही आ चुकी है.
सभी रिपोर्ट निगेटिव पाये गये हैं. शुक्रवार को जू और आस-पास के क्षेत्र में बर्ड फ्लू के प्रकोप की जांच के लिए पशुपालन निदेशालय, बिहार पटना द्वारा गठित समिति की बैठक की गयी. यह बैठक पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान के निदेशक डॉ विजय कुमार झा के अध्यक्षता में की गयी.
इसमें पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान के वरीय शोध पदाधिकारी डॉ अजीत कुमार, कुक्कुट पशुपालन निदेशालय नोडल पदाधिकारी डॉ भारती सिंह, माइक्रोबायोलॉजी बिहार पशु चिकित्स महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ मनोज कुमार मौजूद थे. पटना जू में जंतु प्रक्षेत्र के सभी चिड़िया इन्कलोजर क्षेत्रों में संक्रमण को रोकने के लिए विरकॉन एस दवा का छिड़काव किया जा रहा है. फिलहाल सभी पक्षी एवं जानवर सुरक्षित हैं.
