पटना : पुनपुन थाना क्षेत्र के जट डुमरी हॉल्ट और रशीद चौक के पास मंगलवार की रात करीब 11.30 बजे चार लोगों के साथ लूट की गयी. आधी रात को निशाना बनाये गये राहगीरों में पंकज कुमार और मुकेश कुमार भी शामिल हैं.
घटना के दौरान दोनों ने डायल 100 और पुनपुन थाने में जाकर सूचना दी. इस पर पुलिस घटना स्थल पर गयी और पीड़ितों के अलावा कई लोगों से पूछताछ की. इससे गैंग के कुछ लोगों की कद-काठी के बारे में जानकारी मिली. पुलिस ने घेराबंदी शुरू की और पुनपुन इलाके के सरगना गोलू कुमार के गांव चिनियाबेला में दबिश दी. गोलू के घर के बाहर काले रंग की पल्सर थी.
पंकज और मुकेश ने बताया था कि लूटेरे पल्सर से थे. पल्सर का इंजन हाथ से छू कर देखा तो वह काफी गर्म था. इस पर पुलिस को शक हुआ कि बाइक आधी रात को इस्तेमाल हुई है. गोलू से पूछताछ हुई, तो उसने संलिप्तता स्वीकार की. गांव के ही अन्य चार लोगों को भी पुलिस ने उठाया. इसके बाद दीघा के अपराधी संजय यादव के भांजे योगेश को भी उठाया गया.
पूछताछ में गोलू, कौशल और आलोक के पास से लूट के सामान बरामद हुए. पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया. वहीं तीन अन्य सदस्यों को हिरासत में रखा गया है. उनसे पूछताछ कर रही है. एसपी पूर्वी राजेंद्र कुमार भील ने बताया कि अपराधी योगेश पहले भी जेल जा चुका है. लूट में प्रयोग किये गये हथियार को बरामद करने के लिए पूछताछ हो रही है.
