पटना : सीबीआइ ने मंगलवार को एक्जीविशन रोड स्थित आंध्रा बैंक के जोनल कार्यालय में कार्यरत सीनियर मैनेजर (विधि) संदीप कुमार के खिलाफ नियमित केस दर्ज किया है. बैंक मैनेजर पर औरंगाबाद के दाउदनगर के मां विंध्यवासिनी राइस मिल प्राइवेट लिमिटेड के चंदन कुमार द्वारा केस दायर कराया गया है.
बैंक मैनेजर द्वारा चंदन कुमार से 20 लाख रुपये रिश्वत की मांग की गयी थी. मंगलवार को सीबीआई टीम ने संदीप कुमार को 50 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. यह राशि राइस मिल के बकाये पर एनपीए एकाउंट के वन टाइम सेटलमेंट के लिए रिश्वत के रूप में मांगी गयी थी. सीबीआइ के पास सोमवार को इस संबंध में शिकायत दर्ज करायी गयी थी. आरोपी से पूछताछ व घर की तलाशी जारी है. इस संबंध में सीबीआइ आरोपित को सीबीआइ के विशेष जज के समक्ष बुधवार को उपस्थित करेगी.
