पटना : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के द्वारा राष्ट्रीय एकात्मकता यात्रा-2019 में आये प्रतिनिधियों का सोमवार को आइएमए हॉल में ‘नागरिक अभिनंदन व सांस्कृतिक कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि एबीवीपी की एकात्मता यात्रा एक स्वस्थ परंपरा है.
नॉर्थ ईस्ट की भूमि पावन भूमि रही है. समारोह वर्ष का उद्देश्य न केवल इस अभियान का आयोजन है बल्कि देश के लोगों में इन सुदूर क्षेत्रों के प्रति स्वाभाविक, सहज, अपनापन का भाव जागृत हो ओर पूर्वोत्तर के लोगों में राष्ट्रीय स्वाभिमान का भाव दृढ़ प्रखर हो.
हर क्षेत्र में सकारात्मक कार्य : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह डॉ मोहन सिंह ने कहा कि अभाविप ने एकता का भाव एवं संपूर्ण भारत को यौवन दिया है. अभाविप ने सदैव मानव कल्याण के लिए अनगिनत कार्य किये हैं ओर हर क्षेत्र में सकारात्मक कार्य कर रहे हैं. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ आरएन सिंह ने कहा कि अभाविप सदैव एकता भाव के साथ कार्य करती है. यह एकात्मकता यात्रा उसका सबसे बड़ा उदाहरण है.
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व पुलिस महानिदेशक एसके भारद्वाज ने कहा कि प्रत्येक भारतवासी हमारे भाई हैं. एकता का भाव बढ़ाने में यह कार्यक्रम मील का पत्थर का काम करेगा, यह एक सराहनीय कार्य हैै. कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ रमन त्रिवेदी, क्षेत्र संगठन मंत्री निखिल रंजन भी संबोधित किया. बिहार एवं नॉर्थ ईस्ट के लोगों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम को प्रदर्शित किया गया. कार्यक्रम का मंच संचालन शील संयोजक
पप्पू वर्मा ने किया.
पटना सिटी : अंतरराज्य छात्र जीवन दर्शन के लिए पूर्वोत्तर छात्रों का समूह अगमकुआं स्थित राजेंद्र स्मारक चिकित्सा विज्ञान अनुसंधान संस्थान परिसर में सोमवार पहुंचा. जहां पर छात्रों का अभिनंदन किया गया.
अभिनंदन समारोह का उद्घाटन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय एकता की मिसाल है कि लोक संस्कृति, संस्कार, लोककला व लोकभाषा अलग होने के बाद भी भाषाओं की विभिन्नता के बाद भी एकता है. मंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर से मेरा संबंध पुराना है.
