बिहटा : बिहटा में पिछले तीन दिनों से लग रहे महाजाम से लोगों की दिनचर्या बदल कर रख दी है. पुलिस की काफी मशक्कत के बाद भी लोगों को महाजाम से निजात नहीं मिल पा रहा है. जाम अब बिहटा से बढ़कर कोइलवर- आरा व छपरा तो दूसरी ओर मनेर व दानापुर तक पहुंच गया है.
पिछले 72 घंटे से 90 किमी तक वाहनों का महाजाम लगा हुआ है. महाजाम से जूझ रहे बिहटा पुलिस को कड़ाके की ठंड में भी पसीने छूट रहे हैं. आम हो या खास सभी लोगों के लिए पैदल यात्रा करना मुश्किल हो गया है. यहां तक कि इमरजेंसी गाड़ियां भी घंटों जाम में फंस जा रही हैं. वहीं, बाजार से बाहर सड़क जाम में फंसे ट्रकचालकों को खाना- पीना तक नसीब नहीं हो पा रहा है. स्थानीय प्रशासन व जिला प्रशासन मूकदर्शक बना बैठा है. जाम की इस समस्या से लोग सकते में हैं.
वहीं, इस संबंध में स्थानीय प्रशासन का कहना था कि सोनपुर मेले व पटना शहर को जाम से बचाने की तैयारी में प्रशासनिक टीम ने दीघा ब्रिज पर भारी वाहनों के परिचालन पर करीब डेढ़ महीने पूर्व पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया था, ताकि लोगों को परेशानी न हो. इस आदेश के बाद पटना एवं कई अन्य जिलों से गुजरने वाले वाहनों के लिए एक मात्र विकल्प कोइलवर पुल बच गया था. प्रतिदिन हजारों गाड़ियों का इस रास्ते से हो जाने के कारण वाहनों की बढ़ती संख्या के आगे कोइलवर पुल अब छोटा पड़ रहा है.
