पटना : डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को गश्त बढ़ाने के साथ ही सही से ड्यूटी करने के निर्देश दिये हैं. डीजीपी केएस द्विवेदी का कहना है कि अपराध में कमी तो आयी है, लेकिन अपराधियों के मनोबल में कमी नहीं आयी है. उनके मन में यह बैठ गया है कि अपराध करके वो लोग आराम से फरार हो जायेंगे. बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के एसपी की कार्यशैली को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किये हैं. पुलिस गश्ती सही ढंग से नहीं करने तक की बात कही गयी है.
पुलिस अधिकारी भी मानते हैं कि सूबे में रात्रि गश्ती की बात तो दूर दिन में भी नियमित गश्ती नहीं की जा रही. इससे पहले भी डीजीपी ने इसी साल मार्च महीने में शराब, हथियार और प्रतिबंधित वस्तुओं की रोकथाम के लिए नाकेबंदी का सुझाव दिया था. लेकिन इस सुझाव का पालन नहीं किया गया.
डीजीपी ने यह भी कहा कि स्पीडी ट्रायल को भी लेकर पुलिस अफसरों का उदासीन रवैया देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि यह नहीं चलेगा. सभी पुलिस अधिकारियों को गंभीरता से ड्यूटी करनी होगी. डीजीपी ने आदेश दिया कि हर नाके में जिला पुलिस बल से 20 जवान तैनात किये जायें. डीजीपी के इस पत्र से अफसरों में हड़कंप मचा है.
