मार्च 2019 तक 4.50 लाख घर बनाने का लक्ष्य : श्रवण
पटना : ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाइ) में धीमी गति पर चिंता जताते हुए कहा है कि इस मामले की जल्द ही गहन समीक्षा की जायेगी. राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली समीक्षा बैठक में आवास निर्माण में आ रही समस्याओं और बाधाओं के समाधान पर चर्चा की जायेगी. उन्होंने विभागीय सचिव को निर्देश दिया कि आवास निर्माण में धीमी रफ्तार को तेज करने से संबंधित मसलों पर विचार करने के लिए समीक्षा करें और मार्च 2019 तक हर हाल में साढ़े चार लाख घर बनाने के लक्ष्य को हासिल करें. मार्च तक इस लक्ष्य को पाने के लिए हर हाल में प्रयास करने के लिए कहा गया है.
उन्होंने कहा कि पूर्णिया, पटना, खगड़िया और जमुई ऐसे चार जिले हैं, जहां लाभुकों की स्वीकृत संख्या की तुलना में 70 फीसदी से कम लोगों को पहली किस्त जारी की गयी है. वहीं किशनगंज, शेखपुरा, अरवल और नालंदा जिले में 90 फीसदी लाभुकों को पहली किस्त मिल चुकी है. अन्य जिलों में लगभग 75 प्रतिशत या इससे अधिक लाभार्थियों को पहली किस्त की राशि उपलब्ध करा दी गयी है.
राज्य में करीब दो लाख 86 हजार आवास का निर्माण अंतिम चरण में है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि राज्य में पीएमएवाइ के तहत ढाई लाख आवास पूर्ण किये जा चुके हैं. इसके अलावा इंदिरा आवास योजना के तहत 2010-11 से अबतक 19 लाख 22 हजार 880 आवासों का निर्माण पूरा कराया जा चुका है.
