बक्सर : डुमरांव स्टेशन पर रविवार की रात अलग-अलग जगहों पर अपराधियों ने सिग्नल लाल कर लूट के इरादे से चार ट्रेनों को रोक दिया. पटना से कुर्ला को जाने वाली अप पटना-कुर्ला एक्सप्रेस को डुमरांव स्टेशन के समीप ड्राइवर ने सिग्नल लाल देखकर ट्रेन को रोक दिया. ड्राइवर ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी. वहीं ट्रेन के रुकते ही ट्रेन में एस्कॉर्ट कर रहे जवान नीचे उतरे और देखा कि सिग्नल लाल है.
जवान ने देखा कि कुछ लोग ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. आरपीएफ के जवानों ने सभी लोगों का पीछा किया. पुलिस को अपनी तरफ आते देख अपराधी भाग गये. जवानों को दौड़ता देख यात्री सहम गये.
वहीं सिग्नल लाल होने की सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में अधिकारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर सिग्नल को ठीक किया और ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया.
साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी शुरू कर दी है. वहीं पीछे से आ रही आसनसोल-मुंबई को टुड़ीगंज में रोका गया. साथ ही दो मालगाड़ियों को रघुनाथपुर और बिहिया में रोका गया, जब परिचालन चालू हुआ तब सभी ट्रेनों को आगे के लिए रवाना किया गया.
