ट्रिगर दबाने के पहले ही कांस्टेबल ने छीन लिया
पटना : बुधवार को अहले सुबह तीन बजे एक बड़ी घटना होने से बाल-बाल बची. अगर थोड़ी सी चूक हो जाती, तो एक और कांस्टेबल शहीद हो जाता. हालांकि, कांस्टेबल ने काफी बहादुरी का परिचय देते हुए अपराधी को पकड़ लिया और उसके हाथों से पिस्तौल छीन ली.
साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों ने दूसरे अपराधी के हाथ से बम को अपने कब्जे में ले लिया. यह मामला कोतवाली थाने के जीपीओ गोलंबर के कबाड़ी मार्केट के समीप का है. पुलिस ने मौके से दो अपराधियों राजू कुमार (लोहानीपुर) व गोलू कुमार (बेगूसराय) को गिरफ्तार कर लिया. उन लोगों के पास से एक पिस्तौल, एक कारतूस व एक जिंदा बम बरामद किया गया है.
हालांकि इनका तीसरा साथी विनोद कुमार फरार होने में सफल रहा. पकड़े गये अपराधियों के अनुसार विनोद ने ही उन लोगों को बम दिया था. विनोद राजेंद्र नगर का रहने वाला है और पहले भी जेल जा चुका है. राजू शराब के केस में जेल जा चुका है. खास बात यह है कि राजू व गोलू कुमार सब्जी विक्रेता हैं और विनोद कुमार टेंपो चलाता है. ये तीनों दिन में शराफत की जिंदगी व्यतीत करते हैं और रात में अपराधी बन जाते हैं. पुलिस के समक्ष इन लोगों ने कई घटनाओं को अंजाम देने में अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया है.
मोबाइल फोन छीनने की सूचना मिलने पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस को एक व्यक्ति ने बुधवार सुबह यह जानकारी दी कि कुछ अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर उसका मोबाइल फोन छीन लिया. इसके बाद पुलिस की एक टीम वहां पहुंची. जहां पुलिस को देख कर वे लोग भागने लगे.
इसी बीच कांस्टेबल मुकेश कुमार ने दौड़ कर गोलू को पकड़ने लगा. इसी बीच गोलू ने पिस्तौल निकाल लिया और कांस्टेबल पर तान दिया. लेकिन जब तक वह ट्रिगर दबाता उसके पूर्व ही मुकेश ने उसके हाथ को पकड़ लिया व पिस्तौल को छीन लिया. दूसरे अपराधी राजू के हाथ में बम था, लेकिन पुलिस ने उसके पास से बम को अपने कब्जे में ले लिया. अगर थोड़ी-सी भी देर हो जाती, तो अपराधी घटना को अंजाम दे देते.
बहादुरी के लिए एसएसपी ने किया पुरस्कृत : एसएसपी मनु महाराज ने जीपीओ गोलंबर के पास अपराधियों को पकड़ने में बहादुरी दिखाने वाले दोनों कांस्टेबल मुकेश कुमार व अभय कुमार को पुरस्कृत किया है.
