पटना : स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शनिवार को आशा स्वास्थ्य संघ की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि आशा स्वास्थ्य विभाग के काम की आधार है. आशा के बिना जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना असंभव है. आशा को सबसे बड़ा फील्ड फोर्स बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में कई चुनौतियों के बावजूद आशा बहनों का समर्पण मरीजों को जीवन दे रहा है.
इस तरह की प्रोत्साहन राशि देने वाला बिहार पहला राज्य : सम्मेलन में मंगल पांडेय ने कहा कि जनवरी, 2019 से आशा कार्यकर्ताओं को आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 हजार रुपये तक का इलाज कराने पर 100 और 5000 से अधिक का इलाज कराने पर 200 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रति मरीज दी जायेगी.
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि इस तरह की प्रोत्साहन राशि देने वाला बिहार पहला राज्य है. पूरे भारत के किसी राज्य में अभी इस तरह की प्रोत्साहन राशि नहीं दी जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषित बढ़े हुए प्रोत्साहन राशि के संदर्भ में उन्होंने कहा कि विभाग से पैसा भेज दिया गया है जल्द ही भुगतान मिल जायेगा.
राज्य सरकार आशा को असामयिक मृत्यु पर 4 लाख की मुआवजा राशि देगी : सम्मेलन ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि आशा के उत्थान के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयास जारी हैं.
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत आशा के सुरक्षा बीमा की प्रीमियम राशि केंद्र सरकार देगी. इसके अलावा राज्य सरकार आशा को असामयिक मृत्यु पर 4 लाख की मुआवजा राशि देगी. बिहार के सभी आशा की सूची केंद्र को भेज दी गयी है. मंगल पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार आयुष्मान भारत के लाभार्थियों के मुखिया के नाम पत्र भेज चुकी है.
