घायल व आरोपित दोनों आपस में हैं दोस्त
मसौढ़ी : धनरूआ आने के बहाने नालंदा के परवलपुर थाना के लिश्चरगंज से 52 वर्षीय अधेड़ के साथ बाइक से आये दो युवकों ने गुरुवार दोपहर धनरूआ और करायपरशुराय थाना क्षेत्र की सीमा पर उसे गोली मार दी और उसकी बाइक लेकर दोनों करायपरशुराय की ओर निकल भागे. इधर, खून से लथपथ घायल अधेड़ को ग्रामीणों ने धनरूआ पुलिस के सहयोग से धनरूआ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया.
जहां से उसे पीएमसीएच भेज दिया गया. नालंदा जिले के परवलपुर थाना के परवलपुर ग्रामवासी सिंधू मिस्त्री के पुत्र डोमन मिस्त्री की परवलपुर थाना के लिश्चरगंज में फर्नीचर की दुकान है. इस बाबत डोमन मिस्त्री ने बताया कि गुरुवार की दोपहर उसके दो दोस्त उसे धनरूआ चलने की बात कह उसकी बाइक पर सवार हो गये और वह उन्हें लेकर धनरूआ की ओर चल दिये. इसी दौरान रास्ते में करायपरशुराय थाना के महद्दीनगर से करीब आधा किलोमीटर उत्तर करायपरशुराय व धनरूआ थाना क्षेत्र की सीमा पर पीछे बैठे दोनों साथियों ने डोमन मिस्त्री को गोली मार दी. ग्रामीणों ने धनरूआ थाने को फोन से इसकी सूचना दी.
एंबुलेंस नहीं होने पर लोगों ने िकया हंगामा
धनरूआ प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दयनीय स्थिति गुरुवार को एक बार फिर उस वक्त उजागर हो गयी जब घायल डोमन मिस्त्री को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच तो रेफर कर दिया गया, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण करीब एक घंटे तक उसे पीएमसीएच नहीं भेजा जा सका. इसे लेकर वहां मौजूद धनरूआ मुखिया पति पप्पू चंद्रवंशी व पभेड़ा मुखिया के जेठ छोटन प्रसाद समेत अन्य लोगों ने जमकर हंगामा किया.
इधर, लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस न होने व इस कारण घायल को पीएमसीएच न भेजे जाने की सूचना एसडीओ संजय कुमार को दी. एसडीओ की पहल पर बाद में वहां पहुंची एंबुलेंस से घायल को पीएमसीएच भेजा गया.
इस बाबत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी उदय प्रताप नारायण सिंह ने बताया कि केंद्र की एंबुलेंस दूसरे मरीज को लेकर पीएमसीएच गयी हुई थी. पीएमसीएच से एंबुलेंस के लौटने के बाद घायल डोमन मिस्त्री को उसी एंबुलेंस से पीएमसीएच भेज दिया गया.
