गांधी सेतु के समानांतर नये पुल का जल्द होगा टेंडर
पटना : दानापुर स्टेशन से बिहटा तक फोरलेन एलिवेटेड रोड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. यह एलिवेटेड रोड वर्तमान जिला सड़क पर बनेगा. एलिवेटेड रोड के निर्माण में जमीन अधिग्रहण में होनेवाला खर्च राज्य सरकार देगी, जबकि एलिवेटेड रोड निर्माण का खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी. अब तक इसके खर्च को लेकर ही मामला फंसा हुआ था. इसके साथ ही पटना रिंग रोड के निर्माण पर भी सहमति बनी.
यह रिंग रोड बिहटा–नौबतपुर–डुमरी–दनियावां–कच्ची दरगाह–बिदुपुर–हाजीपुर–सोनपुर–दीघा–बिहटा एलाइनमेंट पर बनेगा. दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड व रिंग रोड का निर्माण एनएचएआई करेगा. महात्मा गांधी सेतु के समानांतर नये पुल का टेंडर जल्द होगा. प्रधानमंत्री के विशेष पैकेज की उच्चस्तरीय समीक्षा प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा की अध्यक्षता में हुई.
इसमें बिहार से उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, मुख्य सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृतलाल मीणा ने भाग लिया. उच्चस्तरीय बैठक में योजनाओं की प्रगति और समस्याओं के निराकरण पर चर्चा की गयी.
इसके पहले बिहार की विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली स्थित बिहार भवन में मंत्रियों और अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. इस बैठक में पीएम पैकेज के तहत विभिन्न योजनाओं की मौजूदा स्थिति को लेकर चर्चा की गयी.
मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं की बाधाओं को दूर करने को कहामुख्यमंत्री ने ने बिहार भवन में बैठक के दौरान बिहार में केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की और इसमें आ रही बाधाओं को दूर करने को कहा. पटना-बिहटा एलिवेटेड सड़क सहित अन्य योजनाओं के सफल और ससमय क्रियान्वयन के लिए जरूरी निर्देश दिये. साथ ही भूमि अधिग्रहण के कारण योजनाओं में हो रही देरी के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा.
इस बैठक में उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह मुख्य सचिव दीपक कुमार,पथ निर्माण के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा, स्थानिक आयुक्त विपिन कुमार माैजूद थे. दोपहर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से मिले.
सीट बंटवारे पर घटक दलों में विवाद नहीं
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री ने सीट बंटवारे की घोषणा कर दी है. लोजपा नेता चिराग पासवान ने इस समझौते को लेकर सकारात्मक बयान दिया है. वहीं रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा ने भी एनडीए में बने रहने की बात कही है. एनडीए घटक दलों में सीटों को लेकर कोई विवाद नहीं है.
उन्होंने कहा कि अगले हफ्ते कौन दल किस सीट से और कितनी सीटें लड़ेगा, इसकी घोषणा कर दी जायेगी. विभिन्न दलों के नेताओं के बीच इस विषय पर चर्चा जारी है.
13 सड़कें घोषित होंगी एनएच
पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि समीक्षा में पीएम पैकेज में राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित 13 नये सड़कों को राष्ट्रीय उच्च पथ घोषित करने का निर्णय लिया गया.
सड़क निर्माण में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार जमीन अधिग्रहण कार्य में और तेजी लायेगी. गांधी सेतु के समानांतर नये फोरलेन पुल व फुलौत पुल के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण कार्यों को तेज करके शीघ्र टेंडर जारी होगा. पीएम पैकेज के शेष सभी कार्यों को शीघ्र मंजूर करने पर निर्णय लिया गया. उन्होंने कहा कि पीएम पैकेज के कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित होगी.
इसके अध्यक्ष सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव होंगे. इसमें एनएचएआई के अध्यक्ष व बिहार सरकार के मुख्य सचिव सदस्य होंगे. यह समिति समय-समय पर बैठक कर समस्याओं को दूर करेगी. समीक्षा बैठक में भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के समानांतर नये पुल निर्माण पर भी विचार किया गया.
