लख (नौबतपुर) : नौबतपुर मे डेंगू का प्रकोप तेजी से फैलता जा रहा है. इसके जद कई लोग हैं जिनका विभिन्न क्लिनिकों में इलाज चल रहा है. वहीं इस बीमारी से शुक्रवार को एक शिक्षिका की मौत हो गयी. मृतका इंदु देवी (43 वर्ष), इसी थाना क्षेत्र के अमरपुरा निवासी स्व कुमुद वर्मा की पत्नी थी. वह प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय झुग्गी-झोंपड़ी निसरपुरा में शिक्षिका के पद पर पदस्थापित थी. बताया जाता है कि चार दिन पूर्व ही उन्हें डेंगू हो गया था. एम्स में इलाज के बाद परिजनों ने एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया था.
पीएमसीएच में फिर मिले 40 नये डेंगू के मरीज, 31 पटना के
पटना. पटना सहित पूरे बिहार में डेंगू का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को पीएमसीएच में फिर 40 नये मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है. इसमें अकेले सिर्फ पटना के 31 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है. इसके अलावा सीवान से 3, भोजपुर से 1, दरभंगा से 1, औरंगाबाद 1, वैशाली 1, सारण 1 और मुगेर जिले से 1 डेंगू के मरीज मिले हैं.
पीएमसीएच के वायरोलॉजी लैब के इंचार्ज डॉ सच्चिदानंद कुमार ने कहा कि शुक्रवार को लैब में आये सैंपल जांच में सबसे अधिक पटना के मरीज हैं. गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को मरीजों की संख्या अधिक पायी गयी है. पीएमसीएच के वायरोलॉजी लैब में अब तक 548 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है.
डेंगू के सात मरीज भर्ती, आज से लगेगा शिविर
पटना सिटी. नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डेंगू पीड़ित सात मरीज भर्ती हैं. इनका उपचार अस्पताल के मेडिसिन विभाग में चल रहा है. इधर माइक्रो बॉयोलोजी के विभागाध्यक्ष डॉ हीरालाल महतो ने बताया कि शनिवार से अस्पताल के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में सरकार के आदेश पर डेंगू की जांच के लिए शिविर लगाया जायेगा. शुक्रवार को अस्पताल में जांच के लिए 38 मरीजों का सैंपल आया था, जिनमें 13 में बीमारी की पुष्टि हुई है. चार चिकनगुनिया के मरीज का सैंपल आया था,जिनमें किसी में पुष्टि नहीं हुई.
