नौबतपुर : मनोज व मानिक की तलाश में नौबतपुर में छापेमारी

कई को पूछताछ के लिए लिया हिरासत में एसएसपी कर रहे थे छापेमारी का नेतृत्व नौबतपुर : राजधानी में बाप-बेटा गिरोह के कुख्यात मनोज सिंह व उसके पुत्र मानिक सिंह की गांव में आने की सूचना पर एसएसपी मनु महाराज ने सोमवार को सैकड़ों पुलिसकर्मियों की टीम के साथ शंभुकुड़ा व नवही समेत कई गांव […]

कई को पूछताछ के लिए लिया हिरासत में
एसएसपी कर रहे थे छापेमारी का नेतृत्व
नौबतपुर : राजधानी में बाप-बेटा गिरोह के कुख्यात मनोज सिंह व उसके पुत्र मानिक सिंह की गांव में आने की सूचना पर एसएसपी मनु महाराज ने सोमवार को सैकड़ों पुलिसकर्मियों की टीम के साथ शंभुकुड़ा व नवही समेत कई गांव में छापेमारी की, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही कई अपराधी गिरते-पड़ते बहियार के रास्ते निकल भागे. देखते- ही- देखते शंभुकुड़ा और आसपास के गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गये.
इतनी काफी संख्या में एका-एक पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीण भौचक रह गये. पुलिस ने गांवों में जबर्दस्त सर्च अभियान चलाया. एसएसपी मनु महाराज ने स्पष्ट तौर पर कहा कि अब जो भी अपराधियों को पनाह देंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. नौबतपुर के सभी अपराधी गिरोह पुलिस की टारगेट में हैं. वे या तो इलाका छोड़ेंगे या फिर गिरफ्तार होकर जेल जायेंगे.
एसएसपी ने जो प्लान (बी) बनाया है वह अपराधियों के लिए चक्रव्यूह है, फंसे तो गये. इसी प्लान (बी) का एक्शन सोमवार को नौबतपुर के शंभुकुड़ा गांव में देखने को मिला. एसएसपी मनु महाराज को सूचना मिली कि जिले के टॉप टेन अपराधियों में शामिल बाप-बेटा गिरोह का सरगना कुख्यात मनोज सिंह और उसका पुत्र मानिक सिंह गांव में एक श्राद्ध कार्यक्रम में आये हुए हैं.
सूचना मिलते ही एसएसपी मनु महाराज सिटी एसपी पश्चिमी रवींद्र कुमार व एएसपी अभियान अनिल कुमार सहित कई डीएसपी, इंस्पेक्टर व सैकड़ों पुलिसकर्मियों के साथ शंभुकुड़ा पहुंचे. कई घरों में छापेमारी की.
बहियार में धान के खेत में भी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला. कुख्यात मनोज सिंह से जुड़े कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया.
सूत्र बताते हैं कि छापेमारी के पूर्व किसी तरह अपराधियों को भनक लग गयी और वे लोग बहियार के रास्ते भाग निकले. बाढ़ न्यायालय में कैदी की हत्या के बाद पटना पुलिस कुख्यात मनोज सिंह एवं मानिक सिंह के पीछे सक्रियता से जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >