‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान : मंत्री और डीएम ने लगायी झाड़ू, की सफाई, लोगों को किया जागरूक

श्रमदान कर चलाया स्वच्छता अभियान पटना सिटी : गुरुघर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद स्थापित होने के उपरांत आयोजित श्रमदान में पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार व डीएम कुमार रवि पहले दरबार साहिब पहुंचे, जहां मत्था टेक गुरुघर का आशीष लिया. […]

श्रमदान कर चलाया स्वच्छता अभियान
पटना सिटी : गुरुघर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद स्थापित होने के उपरांत आयोजित श्रमदान में पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार व डीएम कुमार रवि पहले दरबार साहिब पहुंचे, जहां मत्था टेक गुरुघर का आशीष लिया. इसके उपरांत अधिकारियों व नेताओं का दल कंगन घाट पहुंचा, जहां पर मंत्री, डीएम व कार्यकर्ताओं ने श्रमदान करते हुए झाड़ू लगायी.
इस दरम्यान कंगन घाट पर फेंके गये चाय के कुल्लड़ साफ किया. यहां पर अभियान चलाने के बाद गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज घाट जाने वाले मार्ग पर भी मंत्रियों ने झाड़ू लगा कर स्वच्छता का पाठ पढ़ाया. अभियान में एसडीओ राजेश रोशन, सुशील कुमार मिश्र, रणधीर किशोर, स्वच्छाग्रही व जीविका के कर्मी शामिल हुए. संवाद के बाद श्रमदान अभियान के लिए चिह्नित तीन स्थलों बाड़े की गली से हरिमंदिर गली, मंगल तालाब परिसर व कंगन घाट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया.
श्रमदान स्वच्छता अभियान के उपरांत पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया. कंगन घाट पर पर्यटन विभाग की ओर से बनाये गये पर्यटक केंद्र परिसर में पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार व जिलाधिकारी कुमार रवि ने अधिकारियों के साथ पौधारोपण कर हरियाली का संकल्प लिया.
घरों में शौचालय बना बिहार को खुले में शौच से मुक्त करें : मोदी
पटना : ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत के मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मुसल्लहपुर हाट स्थित कोयरी हितकारिणी पंचित हाट समिति के सभागार में स्वच्छता के लिए श्रमदान किया. इससे पहले उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण भी सुना.
श्री मोदी ने कहा कि दो अक्तूबर, 2019 के पहले अपने-अपने घरों में शौचालय का निर्माण कर बिहार को खुले में शौच से मुक्त करने में बिहार के लोग अपना योगदान दें. सरकार शौचालय निर्माण के लिए सभी एपीएल और बीपीएल श्रेणी के लोगों को प्रति शौचालय 12 हजार रुपये दे रही है. उन्होंने कहा कि बिहार के पांच जिले जहां खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं, वहीं जहानाबाद, बेगूसराय, पूर्वी चंपारण और बक्सर जिलों में 72 से 78 प्रतिशत घरों में तथा 21 जिलों के 60 से 70 प्रतिशत घरों में शौचालय का निर्माण हो चुका है.
पटना सहित सभी शहरों के वार्ड पार्षदों व जनप्रतिनिधियों से अपील की कि स्वच्छता ही सेवा है के अभियान के दौरान सभी नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें और अपने-अपने वार्ड में मुहिम चला कर आम लोगों को शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित करें. उपमुख्यमंत्री के साथ श्रमदान के कार्यक्रम में कुम्हरार के विधायक अरुण कुमार सिन्हा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, पंचित हाट समिति के प्रदीप मेहता, अभिषेक कुमार, रत्नेश कुशवाहा व अमित सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे.
पटना : स्वच्छता अभियान से गरीबों का होगा कल्याण : नंदकिशोर
पटना सिटी : पथ िनर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा िक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है. यह अभियान गरीबों का कल्याण करेगा. यह खुशी की बात है कि केंद्र सरकार का यह कार्यक्रम गुरु महाराज के जन्म स्थान व हमारे विधानसभा क्षेत्र में आरंभ हुआ है.
व्यवहार में परिवर्तन से आयेगी जागृति : श्रवण कुमार
ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सार्थक होगा जब व्यवहार में परिवर्तन होगा. शौचालय का निर्माण होने के बाद भी जब तक उसका उपयोग व्यवहार में नहीं लायेंगे, तब तक यह संभव नहीं है.
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में एक करोड़ 63 लाख शौचालयों का निर्माण कराया गया है. शौचालय विहीन 52 लाख परिवारों के शौचालय निर्माण का लक्ष्य 2019 तक रखा गया है. शहरी क्षेत्र में एक लाख 73 हजार शौचालय का निर्माण कराया गया. 60 प्रखंडों के सात हजार 979 गांव खुले में शौच से मुक्त हो गये हैं. विभाग इस दिशा में लक्ष्य निर्धारित कर कार्य कर रहा है.
स्वच्छता सेवा का संकल्प ले हो रहा कार्य : डीएम
स्वच्छता सेवा का संकल्प लेकर जिला प्रशासन ने कार्य आरंभ किया है, जो दो अक्तूबर तक चलेगा. यह बात जिलाधिकारी कुमार रवि ने कही. जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छाग्रही, जीविका के कर्मी व निगम के सहयोग से चलाये गये अभियान के दरम्यान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बातों से प्रभावित होकर इन लोगों ने और बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया है. शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद सफाई व्यवस्था पहले से और बेहतर हुई है.
बोले लोग
वर्ष 2014 से पीएम की ओर से आरंभ किये गये स्वच्छता अभियान की वजह से देश में स्वच्छता के प्रति सोच बदली है. जागरूकता आयी है. इससे स्वच्छ भारत अभियान की सफलता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
पपींदर सिंह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आरंभ किये गये स्वच्छ भारत अभियान इतना अनुकरणीय बन गया कि पहले लोग घरों तक ही सफाई व्यवस्था को सीमित कर गलियों में कूड़ा कर्कट डालते थे. अब गलियों की भी खुद सफाई करते हैं.
महाकांत राय
प्रधानमंत्री की ओर से 2014 में आरंभ हुए स्वच्छ भारत अभियान में शिथिलता आ गयी थी. आज के संवाद ने फिर से जन जागृति ला दी है. गुरुपर्व के दरम्यान पटना साहिब व शहर की सफाई व्यवस्था मिसाल बन कर प्रदेश में अंकित हुई थी.
दिलीप सिंह पटेल
स्वच्छता को लेकर जो संवाद पटना साहिब में स्थापित हुआ. इसमें शामिल स्कूली बच्चों में पीएम के भाषण व प्रेरणा से जो जागृति आयी है. इससे अभियान को कामयाबी मिलेगी. बच्चे घर में मां-बाप व परिवार को सदस्यों को स्वच्छता के लिए जागरूक करेंगे.
राजेश साह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >