पटना : आयुष्मान भारत योजना स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव लेकर आयेगा. इस योजना से गरीबों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी. इसका लाभ गरीब जनता उठाये इसके लिए उन तक संदेश पहुंचना आवश्यक है.
ये बातें दूरदर्शन समाचार, नयी दिल्ली के महानिदेशक (समाचार) मयंक कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को कहीं. वे भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ ही बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को आयुष्मान भारत पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि इस योजना के बनने के क्रम में मंत्रालय का खास ध्यान रहा है कि इसमें गड़बड़ी नहीं हो. जनता को सीधे-सीधे लाभ मिल सके, इस बात का भी ख्याल रखा गया है. उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना गरीबों की योजना है. गरीबों को उनका अधिकार मिले, इसके लिए उन्हें सचेत करने की जिम्मेदारी मीडिया के ऊपर है.
मौके पर बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के उपसचिव राजेश कुमार ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के प्रथम चरण में राज्य के 13 जिलों को कवर किया जायेगा. इसके बाद शेष जिलों को भी जोड़ा जायेगा. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह एक बड़ी और अनूठी योजना है. गरीबों को गुणात्मक स्वास्थ्य सेवाएं मिले इस बात का इसमें खास ध्यान रखा गया है.
उन्होंने उम्मीद जतायी कि इस कार्यशाला के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना के प्रचार-प्रसार में लाभ मिलेगा. लोक संपर्क एवं संचार ब्यूरो, पटना के निदेशक विजय कुमार ने कहा कि इस कार्यशाला में आये कलाकार आयुष्मान भारत योजना कि जानकारी प्राप्त कर लोक और पारंपरिक कलाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे.
कार्यशाला के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अमरेंद्र ने आयुष्मान भारत योजना को पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से बताया. इस दौरान पत्र सूचना कार्यालय के निदेशक दिनेश कुमार, सहायक निदेशक संजय कुमार और राज्य के जाने-माने रंगकर्मी कुणाल मुख्य रूप से मौजूद रहे.
