पटना : राजधानी पटना में परिवहन निगम की नगर बस सेवा में 10 हजार से अधिक महिलाओं ने मुफ्त में सफर किया. सफर के दौरान बस के कंडक्टर ने महिलाओं से भाड़े की मांग नहीं की. महिलाओं ने इस व्यवस्था के लिए परिवहन निगम की सराहना की. महिलाओं ने कहा कि अच्छा लग रहा है. बस सेवा शुरू होने से अब अकेली महिलाओं को भी जाने में कोई दिक्कत नहीं है. खासकर रक्षा बंधन पर सरकारी बसों में मुफ्त सेवा शुरू करने से बहनों के लिए यह सौगात है.
भाई-बहन का पर्व रक्षा बंधन पर परिवहन निगम की नगर बस सेवा में महिलाओं के लिए मुफ्त में सफर करने की घोषणा की गयी थी. यह नियम शनिवार की रात्रि 12 से लेकर रविवार की 12 बजे रात्रि तक के लिए लागू थी. नगर बस सेवा की बिहटा, हाजीपुर, दानापुर, एम्स, पटना सिटी सहित शहर के अन्य जगहों के लिए परिचालित 74 बसों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सफर किया. रविवार की शाम तक लगभग 10 हजार महिलाओं ने सफर किया.
यह संख्या देर रात तक और बढ़ गयी. बांकीपुर प्रमंडलीय प्रतिष्ठान के प्रबंधक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि नगर बस सेवा में विभिन्न रूटों पर 74 बसों का परिचालन होता है. सभी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त सेवा थी.
