पटना सिटी : आलमगंज थाना क्षेत्र के बड़ी पटनदेवी रोड महाराजगंज स्थित महापौर सीता साहू के आवास पर शुक्रवार की देर रात हुई फायरिंग व गाली गलौज के मामले में पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी आरंभ कर दी है.
पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी को भी खंगाला और साक्ष्य एकत्रित करने का काम किया है. दूसरी ओर, महाराजगंज खाद्यान्न व्यवसायी संघ के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि दो दिनों के अंदर महापौर सीता साहू व संघ के सचिव शिशिर कुमार के घर हमला करने वाले हमलावर की गिरफ्तारी पुलिस की ओर से नहीं की जाती है, तब इसके खिलाफ मंडी को बंद कर आंदोलन छेड़ा जायेगा.
अध्यक्ष ने बताया कि महापौर ने पुलिस प्रशासन को दो दिनों के अंदर कार्रवाई करने को कहा है, ऐसा नहीं होगा, तो इसके बाद मंडी को बंद कर धरना- प्रदर्शन किया जायेगा क्योंकि यह मामला सिर्फ महापौर ही नहीं , बल्कि संघ के पदाधिकारी से जुड़ा हुआ है.
अध्यक्ष ने हमलावर को गिरफ्तार करने व सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. इसको लेकर संघ के पदाधिकारियों ने रविवार को बैठक भी की. दूसरी ओर, रविवार की शाम एएसपी बलिराम कुमार चौधरी व आलमगंज थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने मेयर के आवास पर पहुंचे, जहां मामले में जांच-पड़ताल की. पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है.
सुरक्षा के लिए पहले भी दिया आवेदन : महापौर के पुत्र शिशिर कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने को पूर्व में भी वरीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई़
