अंतिम तिथि 27 अगस्त, निर्देश के बाद भी कई स्कूल-कॉलेजों में नहीं हुई समुचित व्यवस्था
लिस्ट में चयनित करीब 20 प्रतिशत विद्यार्थियों का ही हो सका नामांकन
पटना : निर्देश के बावजूद इंटरमीडिएट शिक्षण संस्थानों में 11वीं कक्षा में नामांकन के लिए कुछ स्कूल-कॉलेजों में समुचित संख्या में काउंटर आदि की व्यवस्था नहीं की जा रही है. साथ ही नामांकन में सुस्ती बरती जा रही है.
बिहार बोर्ड द्वारा पिछले दिनों जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) व प्राचार्यों को निर्गत एक पत्र के माध्यम से यह बात सामने आयी है. समुचित व्यवस्था नहीं होने व सुस्ती के कारण जिला समेत राज्य भर में इंटर की प्रथम मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन की गति धीमी है. इसे देखते हुए बोर्ड ने छात्र हित में नामांकन की तिथि बढ़ा कर 27 अगस्त कर दी है.
उक्त पत्र के अनुसार गत 23 अगस्त की सुबह तक राज्य भर में प्रथम लिस्ट में चयनित करीब 20 प्रतिशत विद्यार्थियों का ही नामांकन हो सका था. बोर्ड ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी जिला पदाधिकारियों व प्राचार्यों को नामांकन की समीक्षा व हर दिन मॉनेटरिंग करने को कहा है. साथ ही नामांकन की कच्छप गति पर असंतोष जताते हुए नामांकन में सुस्ती बरतने वाले स्कूल-कॉलेजों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई करने की बात कही है.
उल्लेखनीय है कि ओएफएसएस के माध्यम से नामांकन के लिए बोर्ड द्वारा गत 19 अगस्त को प्रथम लिस्ट जारी की गयी थी. साथ ही स्कूल-कॉलेजों में नामांकन के लिए 20 से 25 अगस्त तक की तिथि निर्धारित की गयी थी. जानकारी के अनुसार शनिवार, 25 अगस्त तक प्रथम लिस्ट में चयनित 9 लाख 81 हजार 285 विद्यार्थियों में से संभवत: सात लाख विद्यार्थियों के नामांकन हुए हैं.
आज भी खुले रहेंगे स्कूल-कॉलेज, होगा नामांकन
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया है छात्र हित में नामांकन की तिथि बढ़ायी गयी है. 11वीं कक्षा में नामांकन के लिए रविवार व रक्षाबंधन के दिन भी स्कूल-कॉलेज आवश्यक रूप से खुले रहेंगे व नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी.
सभी इंटर कॉलेजों को इस दिन नामांकन कार्य में लगाये गये कर्मियों को बाद में एक दिन का क्षतिपूर्ति अवकाश देने का भी आदेश दिया गया है. समय से नामांकन पूरा करने के लिए उन्होंने सभी कॉलेजों को अधिक से अधिक संख्या में काउंटर की व्यवस्था करने को कहा गया है.
