पटना : राजधानी के कई उप डाकघरों में लिंक फेल रहने के कारण किसी तरह का कामकाज नहीं हो सका. इसके कारण लोग दिन भर परेशान रहे. लिंक फेल होने का असर पटना जीपीओ में देखने को मिला.
खास कर राखी पोस्ट करने के लिए लंबी-लंबी कतार देखने को मिली. इतना ही नहीं कई उपडाकघरों में आज तक राखी स्पेशल लिफाफा नहीं पहुंचने के कारण लोगों में काफी आक्रोश देखा गया. कर्मचारी के अनुसार लिंक रिसेट के लिए अधिकारी को कहा है, लेकिन अभी तक रिसेट नहीं हो पाया है. इस कारण कोई काम नहीं हो पा रहा है. कब तक लिंक आयेगा यह कहना मुश्किल है.
मिली जानकारी के अनुसार पोस्टल पार्क, कदमकुआं, पहाड़ी स्थित डाकघर में भी लिंक फेल होने की सूचना है. इन डाकघरों में लिंक बार-बार आता-जाता रहा.
इस कारण इस क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. लिंक फेल रहने के संबंध में जब चीफ पोस्ट मास्ट जनरल एमई हक से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि पता करवाया जा रहा है कि किस कारण से लिंक फेल हो रहा है. स्पेशल राखी लिफाफा के बारे में उन्होंने कहा कि लिफाफा सभी डाकघरों को भेजा गया है.
राखी को लेकर विशेष काउंटर : राखी भेजने को लेकर उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पटना जीपीओ में छह विशेष काउंटर खोले गये हैं. इनमें से दो काउंटर महिलाओं के लिए हैं. फिर भी लोग घंटों लाइन में खड़ा रहने के लिए मजबूर हैं. पटना जीपीओ के चीफ पोस्ट मास्टर राजदेव प्रसाद ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए दिन में छह काउंटर खोले गये हैं, जबकि रात के लिए पांच काउंटर काम कर रहे हैं.
लोगों की परेशानी को देखते हुए रात आठ बजे तक काउंटर पर राखी पैकेट स्वीकार किये जा रहे हैं. किदवईपुरी डाकघर में राखी का लिफाफा लेने पहुंची रचना झा ने बताया कि लिफाफे के लिए तीन दिनों से आ रही हूं, लेकिन आज भी लिफाफा इस डाकघर में नहीं आया है. इसके अलावा सरोज सिन्हा ने बताया कि सुबह से दो बार आ चुका हूं.
