दुल्हिनबाजार : बीच सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने व उसमें पानी जमा रहने से दुल्हिनबाजार से होकर पटना जाने वाले रास्ते पर विगत कई महीनों से आवागमन बाधित होने के कारण रविवार को भिमनीचक-एंनखा के ग्रामीणों व ऑटोचालकों ने सिंघाड़ा चौक के पास सड़क निर्माण को लेकर रोड जाम कर दिया. सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों व ऑटोचालकों ने बताया कि इस रूट में सड़कों पर बहुत बड़े-बड़े गड्ढे हो गये हैं.
जिससे वाहन चलाना मुश्किल हो गया है. वहीं, बारिश के दिनों में बीच सड़क पर पानी जमा रहता है इस कारण कई छोटी-बड़ी गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त होती रहती है. ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों व विभाग को इसकी सूचना देकर इस मार्ग की मरम्मत कराने का आग्रह किया गया है, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई. बीच-बीच में मेंटेनेंस के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर दिया गया.
ग्रामीणों ने बताया कि इस रूट में लगभग दो वर्षों से बड़े वाहनों का आवागमन बंद हो गया है. जिससे ग्रामीणों को नौबतपुर, खगौल, फुलवारी और पटना जाने के लिए कोई सवारी नहीं मिलती है इसी को लेकर भिमनीचक पंचायत के मुखिया अजय मिश्रा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क जाम किया. यह जाम दो घंटे शाम चार से छह बजे तक रहा. बाद में बुद्धिजीवियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया.
दैनिक यात्रियों ने दिया धरना
बख्तियारपुर/मोकामा. टेकाबीघा स्टेशन पर रविवार को विभिन्न मांगों के समर्थन में दैनिक यात्री संघ की ओर से दिवसीय धरना दिया गया. धरना के बाद संघ के पदाधिकारियों ने स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण के साथ ही स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर एक मेमोरेंडम रेल अधिकारियों को सौंपा गया. मौके पर कामरेड बृजनंदन प्रसाद, जदयू नेता रणजीत कुमार, शत्रुघ्न प्रसाद उर्फ गांधी जी व प्रमोद कुमार निराला आदि मौजूद थे.
