पटना :तेजस्वी की साइकिल के कैरियर पर नहीं बैठा विपक्ष, साइकिल चलाने के दौरान गिरे तेजप्रताप, कही ये बात

‘एनडीए भगाओ बेटी बचाओ’ साइकिल यात्रा का आगाज कल बोधगया में, 30 को हाेगा समापन पटना :विधानसभा में नेता विरोधी दल तेजस्वी यादव शनिवार को सड़क पर सियासी साइकिल लेकर उतरेंगे. तीन दिनों में वह 100 किमी की साइकिल यात्रा करेंगे. उनकी सियासी साइकिल के कैरियर पर बैठने के लिए अभी तक किसी सहयोगी दल […]

‘एनडीए भगाओ बेटी बचाओ’ साइकिल यात्रा का आगाज कल बोधगया में, 30 को हाेगा समापन
पटना :विधानसभा में नेता विरोधी दल तेजस्वी यादव शनिवार को सड़क पर सियासी साइकिल लेकर उतरेंगे. तीन दिनों में वह 100 किमी की साइकिल यात्रा करेंगे.
उनकी सियासी साइकिल के कैरियर पर बैठने के लिए अभी तक किसी सहयोगी दल ने हामी नहीं भरी है, जबकि कैरियर पर सवार कौन-कौन दल हैं, इससे तय होगा कि महागठबंधन की गांठ बंधी है या ढीली हो चली है. इस यात्रा में साइकिल सवारों की संख्या भी राजद के माहौल की दशा और दिशा तय करेगी. 28 जुलाई को बोधगया से शुरू होकर 30 जुलाई को राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के साथ संपन्न होनेवाली’ एनडीए भगाओ बेटी बचाओ’ साइकिल यात्रा के जरिये राजद सियासी माहौल पक्ष में करना चाह रहा है.
तेजस्वी ने ट्विटर, फेसबुक आदि पर खुला पत्र लिखकर सभी से शामिल होने की अपील की है. 26 जून को पत्रकार वार्ता में साइकिल मार्च की घोषणा कर कहा था कि हम कांग्रेस, हम (से) के अलावा कम्युनिस्ट और अन्य छोटे-बड़े सभी विपक्षी दलों को इसमें शामिल होने का न्योता दे रहे हैं. तेजस्वी के इस निमंत्रण को स्वीकारने की किसी भी दल ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
ऐसे में मुजफ्फरपुर मामले में राजद के साथ खड़ा विपक्ष तेजस्वी के कैरियर पर बैठेगा इसमें संशय है. विपक्ष ही क्यों तेजस्वी-तेजप्रताप के बाद पहली पंक्ति में आनेवाले नेता भी अपने नेताओं का साथ दे सकेंगे यह सवाल भी मौजू है. खुद तेजप्रताप यादव इन वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगाते रहे हैं कि वह पसीना बहाने से बचते हैं.
राजद के युवाओं पर पूरा दारोमदार : राजद की ‘एनडीए भगाओ बेटी बचाओ’ साइकिल यात्रा की सफलता पार्टी के युवा कार्यकर्ता ही तय करेेंगे. तेजस्वी और तेजप्रताप यह भलीभांति जान गये हैं. तेजस्वी ने युवा राजद को तैयारी में झोंक दिया है. युवा राजद के पांच हजार सदस्यों को साइकिल चलाने के लिए तैयार किया गया है. युवा राजद नेता अरुण यादव आदि यात्रा की सफलता को लेकर जगह-जगह बैठकें कर रहे हैं. यात्रा मार्ग पर तोरणद्वार और झंडा-बैनर लगाये जा रहे हैं. साइकिल तक खरीदी जा रही हैं.
छात्र राजद के साथ तेजप्रताप ने किया साइकिल से जनसंपर्क : ‘एनडीए भगाओ बेटी बचाओ’ साइकिल यात्रा काे सफल बनाने के लिए गुरुवार को तेजप्रताप यादव ने पटना की सड़कों पर साइकिल चलाकर लोगों को शामिल होने के लिए प्रेरित किया. छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष आकाश यादव सहित कई कार्यकर्ता उनके साथ रहे. जोश-जोश में तेजप्रताप का ध्यान साइकिल से हटा तो वह गिर पड़े. हालांकि इसकी परवाह किये बिना उन्होंने बांह को देखा और फिर साइकिल दौड़ा दी.
मैं खिलाड़ी, जानता हूं गिर कर उठना : तेजप्रताप
पटना : साइकिल चलाने के दौरान गिरने पर तेजप्रताप यादव का कहना है कि मैं तो खिलाड़ी सोच का आदमी हूं. गिरकर उठना जानता हूं. कोई क्या सोचता है फर्क नहीं पड़ता. एनडीए को हरा नहीं दूंगा पीछे नहीं हटूंगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >